Estimated reading time: 0 minutes
गोरखपुर। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में मासूम सरस की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को शासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से 6.22 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की सहायता दिलाई। विधायक ने अपनी ओर से एक लाख रुपये, ब्लाक प्रमुख जनार्दन जायसवाल ने 11 हजार और नगर पंचायत अध्यक्ष संजय मद्धेशिया ने 11 हजार रुपये की सहायता दी।
पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के दौरान विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मासूम सरस की हत्या हृदयविदारक घटना है। परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता है। घटना में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक ने बताया कि घटना में शामिल अधिकांश आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे भविष्य में अपराध करने वालों को कड़ा संदेश मिले।
इस दौरान पिपराइच थानाध्यक्ष अनूप सिंह, उपजिलाधिकारी ज्ञान प्रताप सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. वैभव शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और मामले में निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख आनंद शाही, ग्राम प्रधान उमेश सिंह, रामबदन सिंह, नन्हे सिंह, शैलेश सिंह, सोनू सिंह, भूपेंद्र पांडेय, विकास तिवारी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
