Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल की भक्ति, सिंधी संस्कृति की समृद्ध विरासत और सामाजिक एकजुटता का संगम इस बार गोरखपुर में देखने को मिलेगा। पूज्य श्री झूलेलाल महोत्सव-2026 का आयोजन 14 से 25 अगस्त तक किया जाएगा। 12 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 25 अगस्त को निकलने वाला विशाल बहिराणा जुलूस होगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजघाट पहुंचेगा। यहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का भव्य समापन होगा।
महोत्सव का शुभारंभ 14 अगस्त को शाम पांच बजे सिंधी धर्मशाला स्थित कल्याण पैलेस में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन से होगा। श्री झूलेलाल मंडल, गोरखनाथ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सिंधी समाज के इतिहास और संघर्ष की स्मृतियों को साझा किया जाएगा।
15 अगस्त को द रिगालिया रिजॉर्ट, राजेंद्र नगर में प्रगति सिंधी क्लब की ओर से महिलाओं और बच्चों के लिए ‘रब ने बना दी जोड़ी’ तथा ‘बेस्ट आउट ऑफ द वेस्ट’ प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं 16 अगस्त को बीआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजेंद्र नगर में सुबह 11 बजे से सिंधी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-सीजन-2 का आयोजन होगा। गोरखपुर सिंधी यूथ फाउंडेशन की ओर से होने वाली प्रतियोगिता में युवा विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे।
18 अगस्त को पूज्य माता साहेब आश्रम, जटाशंकर में शाम सात बजे से साव मंगल एवं झूलेलाल धमाल का आयोजन होगा। भक्ति और संगीत से सजी इस संध्या में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
महाआरती और भजन संध्या बनेगी आकर्षण
22 अगस्त को राजेंद्र नगर स्थित झूलेलाल मंदिर स्थल पर रात आठ बजे महाआरती एवं भजन संध्या होगी। इसमें साईं रविदास जी विशेष प्रस्तुति देंगे। 23 अगस्त को सिंधी धर्मशाला, गोरखनाथ में सुबह 11 बजे से रक्तदान शिविर के साथ इंडोर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं होंगी। चेस और कैरम समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं उत्तर प्रदेश सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया यूथ विंग, गोरखपुर की ओर से कराई जाएंगी।
24 अगस्त को चैतदीप पैलेस, गोरखनाथ में रात 10 बजे से महाआरती, पल्लव की रात, सांस्कृतिक संध्या और रात्रि भंडारे का आयोजन होगा।
25 अगस्त को निकलेगा बहिराणा जुलूस
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 25 अगस्त को निकलने वाला विशाल बहिराणा जुलूस होगा। शाम चार बजे गोरखनाथ स्थित झूलेलाल मंदिर से भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जुलूस रात में राजघाट पहुंचेगा। यहां विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सिंधी सुपर स्टार टीम, गोरखपुर की ओर से विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।
महोत्सव के महामंत्री देवा केशवानी ने कहा कि झूलेलाल महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सिंधी समाज की संस्कृति, संस्कार, सेवा, खेल, संगीत और सामाजिक एकता का महापर्व है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से महोत्सव के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
