ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा सड़क से बदली गोरखपुर की तस्वीर, 70 करोड़ से बनी 1.8 किमी सड़क का सीएम योगी ने किया लोकार्पण

Estimated reading time: 1 minute

वाराणसी, लखनऊ और नेपाल जाने वालों को शहर के भीतर आने की जरूरत नहीं, जलनिकासी की भी हुई व्यवस्था

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक करीब 1.8 किलोमीटर लंबी नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया। लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क से ग्रीन सिटी समेत आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क के दोनों तरफ ड्रेन बनने से जलनिकासी की समस्या का भी समाधान होगा।
नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के समीप आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की श्रृंखला से गोरखपुर की नई पहचान बन रही है। शहर के प्रमुख मार्ग फोरलेन से जुड़ रहे हैं और फ्लाईओवर व ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से हो रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास के माध्यम से हर नागरिक के जीवन में सुगमता आए।
उन्होंने कहा कि पहले सड़क संकरी होने के कारण इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। भारी वाहन भी यहां नहीं आ पाते थे। नई सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के साथ जलभराव की समस्या भी दूर होगी।

शहर में प्रवेश किए बिना पहुंच सकेंगे लखनऊ, वाराणसी और नेपाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा मार्ग की कनेक्टिविटी से वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर जाने वालों को शहर के भीतर आने की आवश्यकता नहीं होगी। राजघाट से हाबर्ट बंधा-माधोपुर तटबंध तक फोरलेन का काम हो रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर बनने के बाद यहां से डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास के जरिये कालेसर पहुंचकर लखनऊ मार्ग पकड़ा जा सकेगा। नेपाल और सोनौली की ओर जाने के लिए महेसरा होकर भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर सड़क का उद्घाटन किया और शिलापट्ट का अनावरण किया। इसके बाद वह नवनिर्मित सड़क से होते हुए जनसभा स्थल पहुंचे। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने सावन शिवरात्रि की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply