विकास कार्यों के शिलापट्ट तोड़ने पर विधायक नाराज, अराजक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश

Estimated reading time: 1 minute

कुछ लोगों को नहीं भा रहा विधानसभा क्षेत्र में हो रहा विकास : ई. सरवन निषाद

चौरीचौरा(गोरखपुर)। विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के शिलापट्ट को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से विधायक ई. सरवन निषाद ने नाराजगी जताई है। झंगहा थाना क्षेत्र के बरगदवा में विकास कार्य से संबंधित शिलापट्ट तोड़े जाने की जानकारी मिलने पर विधायक ने अधिकारियों को मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक ई. सरवन निषाद ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जनता की मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे में विकास कार्यों की पहचान और जानकारी देने वाले शिलापट्ट को तोड़ना केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि विकास कार्यों के प्रति असामाजिक मानसिकता को भी दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को क्षेत्र में हो रहा विकास दिखाई नहीं दे रहा है। जनता के हित में हो रहे कार्यों को बाधित करने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों से घटना की गंभीरता से जांच कर शिलापट्ट क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान करने और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

विधायक ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर किसी प्रकार की राजनीति या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत और चल रहे विकास कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी रहेंगे। जनता के हित में शुरू की गई योजनाओं को पूरा कराने में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

सर्पदंश से चार वर्षीय मासूम की मौत
विधायक ने परिजनों से मिलकर जताया शोक, हरसंभव मदद का भरोसा

चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के बरही पासी टोला में विषैले सांप के डंसने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना से गांव में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को चौरीचौरा विधायक ई. सरवन निषाद ने गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मासूम की मौत को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विधायक ने तहसील प्रशासन के अधिकारियों को पीड़ित परिवार को शासन से मिलने वाली सहायता नियमानुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply