कैंपियरगंज में सपा का शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी, साधु यादव समेत 40 पर मुकदमा

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। कैंपियरगंज क्षेत्र में रविवार को सपा नेता साधु यादव ने बिना अनुमति जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन की कोशिश की। सपा के झंडों से सजे वाहनों और समर्थकों के साथ जुलूस निकाले जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए जुलूस रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई से आयोजकों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और भीड़ को मौके से हटाया गया। प्रकरण में पुलिस ने साधु यादव समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को साधु यादव पुत्र सत्यनारायण यादव निवासी जंगल अगही, पीपीगंज की ओर से सपा के झंडों के साथ जुलूस निकालने की तैयारी की गई थी। जुलूस के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के एकत्र होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आयोजकों से अनुमति पत्र दिखाने को कहा। अनुमति नहीं होने पर जुलूस निकालने से मना किया गया।

 

हाईवे पर जाम की आशंका से पुलिस ने रोका

पुलिस का कहना है कि जुलूस के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने की आशंका थी। पुलिसकर्मी लोगों को समझाकर वापस जाने के लिए कह रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग पुलिस से उलझ गए। कहासुनी के बाद पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की गई। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जुलूस में शामिल लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई

बिना नंबर के छह ट्रैक्टर सीज

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस को जुलूस में शामिल छह ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के मिले। पुलिस ने सभी छह ट्रैक्टरों को सीज कर दिया। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन भी सीज किया गया। पुलिस के अनुसार, इस वाहन को नाबालिग चला रहा था। वाहन के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 

40 के खिलाफ मुकदमा

पुलिस ने मामले में साधु यादव समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ धारा 147, 188, 353, 504, 506 और 7 CLA एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस बोली- बिना अनुमति जुलूस पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति जुलूस या रैली निकालकर यातायात बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने या पुलिसकर्मियों से अभद्रताधक्का-मुक्की करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

 

Leave a Reply