Estimated reading time: 1 minute
आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर का लोकार्पण, जंगल नकहा में 40 करोड़ की 109 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; सड़क निर्माण में धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सामाजिक सरोकारों पर जोर दिया। उन्होंने आईएमए के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का लोकार्पण किया। इसके बाद जंगल नकहा नंबर दो स्थित उर्वरक नगर में करीब 40 करोड़ रुपये की 109 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़क परियोजना का निरीक्षण कर धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
मुख्यमंत्री ने आईएमए के नए चैरिटेबल ब्लड सेंटर को चिकित्सा क्षेत्र में सामाजिक दायित्व की महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि रक्त की उपलब्धता के लिए चिकित्सकों के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इंटरनेट माध्यमों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने व्यावसायिक रूप से रक्तदान करने वालों से संक्रमण के खतरे की ओर भी ध्यान दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इंसेफेलाइटिस के नियंत्रण से लेकर चिकित्सा शिक्षा और उपचार सुविधाओं के विस्तार तक कई स्तरों पर बदलाव हुए हैं। गोरखपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान और अन्य चिकित्सा संस्थानों के विस्तार का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या बढ़ी है और एमबीबीएस की सीटों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डायलिसिस सुविधाओं तथा विभिन्न रोगों के उपचार के लिए उत्कृष्टता केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
109 परियोजनाओं से विकास को मिलेगी गति
जंगल नकहा नंबर दो में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 40 करोड़ रुपये की 109 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें कल्याण मंडपम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंडपम कम आय वाले परिवारों के लिए उपयोगी होंगे। यहां विवाह, मुंडन, धार्मिक आयोजन, बैठक सहित अन्य कार्यक्रम किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में ऐसे नौ स्थलों को चिह्नित किया गया है। विभिन्न परियोजनाओं को विधायक निधि, नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से पूरा कराया जा रहा है। मनबेला, बाबा गंभीरनाथ वार्ड, जंगल तुलसीराम बिछिया, महादेव नगर और राप्तीनगर सहित कई क्षेत्रों में कल्याण मंडपम तैयार हो चुके हैं, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर निर्माण चल रहा है।
जंगल नकहा के कल्याण मंडपम में वाहन पार्किंग, विवाह मंडप, बड़ा सभागार, बैठक कक्ष और चार कमरों की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की सुविधाओं से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
सड़क निर्माण में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने एचएन सिंह चौराहा से जगेसर पासी चौराहा होते हुए हरदहवा फाटक तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। करीब 495.24 करोड़ रुपये की इस परियोजना में सड़क निर्माण के साथ सीवर और ओवरब्रिज का कार्य भी शामिल है। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग, सीवर की जल निगम और ओवरब्रिज की सेतु निगम के पास है।
निर्माण कार्य की धीमी गति देखकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़क को उपयोग योग्य बनाया जाए। निर्माण के दौरान यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जल निकासी के लिए सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
वज्रपात से मृत अधिवक्ताओं के परिवारों से मिले
मुख्यमंत्री ने छह सितंबर को वज्रपात की घटना में जान गंवाने वाले अधिवक्ता आलोक कुमार अस्थाना और संजय सिंह के परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने स्वजन को ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता प्रदान की। दोनों परिवारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 10-10 लाख रुपये तथा अधिवक्ता कल्याण निधि से पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी गई। इससे पहले आपदा राहत निधि से भी दोनों परिवारों को 4.40-4.40 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा युवा नेता राणा राहुल सिंह के मोहद्दीपुर स्थित आवास पहुंचकर उनकी दिवंगत मां सुधा सिंह को भी श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
तालाब की सफाई में जुटे युवाओं को सराहा
मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा क्षेत्र के भाऊपुर गांव के युवाओं अनुपम गुप्ता और करण निषाद से भी मुलाकात की। दोनों युवक पांच सितंबर से तारकुलहा देवी के ऐतिहासिक तालाब की प्रतिदिन श्रमदान कर सफाई कर रहे हैं। तालाब से जलकुंभी और गंदगी हटाने के उनके प्रयास की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने तालाब के सुंदरीकरण और स्थायी संरक्षण की दिशा में कार्य कराने का भरोसा दिया।
कार्यक्रमों में महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, डा. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, ई. सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
@ राम प्रताप विश्वकर्मा,संवाददाता


