विश्वकर्मा जयंती पर सीएम योगी बोले- पीएम मोदी ने शिल्प को आधुनिक तकनीक और नए बाजार से जोड़ा, यूपी में 3 करोड़ लोग स्वावलंबन की राह पर

IMG 20260917 WA0024

Estimated reading time: 1 minute

यूपी में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी व शिल्प से जुड़कर बढ़ रहे स्वावलंबन की राह पर, श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में मुख्यमंत्री ने किया पूजनोत्सव पुस्तक का विमोचन

गोरखपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में सृष्टि के आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से आराधना की। पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो देश शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही प्रगति करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसी भावना के अनुरूप पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजार से जोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार सहित कारीगरी के विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों की शिल्पकला उनके स्वावलंबन का आधार रही है। हालांकि, आजादी के बाद कई दशकों तक यह हुनर और शिल्प-कारीगरी उपेक्षा का शिकार रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पहली बार डबल इंजन सरकार ने शिल्पकारों और कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में आज तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार तथा स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। इससे पारंपरिक हुनर को नई पहचान मिलने के साथ ही कारीगरों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी विकसित हुए हैं।

भगवान विश्वकर्मा सृष्टि और पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण अवसरों का साक्षी है। एक ओर सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है तो दूसरी ओर नए भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक कारीगर और शिल्पी अपने विशिष्ट हुनर के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि गुरु गोरखनाथ की पावन धरा से भगवान विश्वकर्मा के मंदिर में सृष्टि के शिल्पी के श्रीचरणों में नमन करते हुए वह प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हैं। उन्होंने कामना की कि लंबे समय तक प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलता रहे और विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो।

IMG 20260917 WA0026

पूजनोत्सव पुस्तक का किया विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव पुस्तक का विमोचन भी किया। इससे पहले उन्होंने मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति के अध्यक्ष दयानंद शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास तथा श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति से जुड़े जयप्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा, अजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : आशुतोष मिश्र, चाय पंचायत

Leave a Reply