Estimated reading time: 1 minute
दिग्विजयनाथ और अवेद्यनाथ की पुण्यस्मृति में होगा ज्ञानयज्ञ, मलूकपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास सुनाएंगे कथा
गोरखपुर। ब्रह्मलीन महंत युगपुरुष दिग्विजयनाथ और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पुण्यस्मृति में गोरखनाथ मंदिर में बुधवार से सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ होगा। 23 से 29 सितंबर तक आयोजित कथा में मलूकपीठाधीश्वर, श्रीमद्जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्रपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। इस आयोजन में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि बुधवार को अपराह्न 2:30 बजे अखंड ज्योति और श्रीमद्भागवत महापुराण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शोभायात्रा गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह से दिग्विजयनाथ स्मृति भवन स्थित कथा स्थल तक पहुंचेगी।
इसके बाद प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। कथा का सीधा प्रसारण गोरखनाथ मंदिर के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों से निशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बस सेवा प्रतिदिन अपराह्न दो बजे से शुरू होगी।
इन मार्गों से चलेगी निशुल्क बस सेवा
पहला मार्ग: महुआतर ओवरब्रिज, महेसरा, मोहरीपुर, बरगदवा, राजेंद्रनगर होते हुए श्रीगोरखनाथ मंदिर।
दूसरा मार्ग: गीता गार्डन, असुरन चौक, एचएन सिंह चौराहा, राप्तीनगर, हाइडिल, स्पोर्ट्स कॉलेज, जंगल नकहा ओवरब्रिज, राणी सती मंदिर, रामनगर चौराहा होते हुए श्रीगोरखनाथ मंदिर।
तीसरा मार्ग: मुंशी प्रेमचंद पार्क, टीडीएम स्कूल, अलहदादपुर चौराहा, बेतियाहाता चौराहा, गोलघर, काली मंदिर, धर्मशाला पुल, तरंग क्रासिंग होते हुए श्रीगोरखनाथ मंदिर।
चौथा मार्ग: इंजीनियरिंग कॉलेज, गिरधरगंज, छात्रसंघ चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, कार्मेल स्कूल, यातायात तिराहा, धर्मशाला, तरंग क्रासिंग होते हुए श्रीगोरखनाथ मंदिर।
