वरिष्ठ नागरिकों की सेहत जांची, मुफ्त दवाएं बांटीं: शाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने की फ्री परामर्श की घोषणा

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल की ओर से गोरखपुर क्लब के सामने स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं वितरित कीं। इस दौरान अस्पताल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही ने घोषणा की कि सभी वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में बिना पूर्व पंजीकरण और बिना परामर्श शुल्क के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

नगर निगम द्वारा संचालित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में शहर के बुजुर्ग दिनभर समय व्यतीत करने आते हैं। यहां योग, भजन-कीर्तन, पुस्तकालय, कैरम, टेबल टेनिस और अन्य मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था है, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रहते हैं। यही कारण है कि यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक जुड़ाव और स्वास्थ्य संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
शिविर में शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही, डॉ. सीमा शाही, वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बाल गोविंद सिंह, डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजू केथावत, डीएम न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. त्र्यम्बक पांडेय तथा वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सौरव सिंह ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। अस्पताल के तकनीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी शिविर के सफल संचालन में सहयोग दिया।


डॉ. शिव शंकर शाही ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर और अनुभवों के जीवंत विश्वविद्यालय हैं। उन्होंने अपने ज्ञान और सेवाभाव से समाज को दिशा दी है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सम्मान का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अस्पताल भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा।
शिविर में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने अस्पताल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान हो सके और उपचार में आसानी मिले।

Leave a Reply