गोरखपुर से किसानों के खाते में 493 करोड़ रुपये भेजेंगे सीएम योगी, 9.18 लाख किसानों को मिलेगी राहत

IMG-20260829-WA0061

Estimated reading time: 0 minutes

गोरखपुर में सोमवार को होगा कार्यक्रम, बाढ़ और अतिवृष्टि से फसल क्षति की भरपाई के लिए डीबीटी से भेजी जाएगी धनराशि

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 12 अक्टूबर को किसानों को बड़ी राहत देंगे। गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के 9,18,091 किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 493 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करेंगे। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल से नौ अक्टूबर तक प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति झेलने वाले 9.18 लाख से अधिक किसानों को चिह्नित किया गया है। प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरकार की ओर से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, फसल क्षति के सापेक्ष कृषि निवेश अनुदान के लिए 169 करोड़ रुपये अग्रिम रूप से जिलों को जारी किए जा चुके हैं। अब तक 1,29,326 किसानों को 78.75 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।
प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को भी राहत दी गई है। जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति के मामलों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। सरकार का कहना है कि आपदा प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply