गोरखपुर में मिशन शक्ति रैली, सीएम योगी ने 500 दोपहिया वाहनों को दिखाई हरी झंडी

IMG-20261012-WA0128

Estimated reading time: 0 minutes

महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मिशन शक्ति के छठवें चरण का शुभारंभ

चाय पंचायत, गोरखपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में मिशन शक्ति के छठवें चरण के अंतर्गत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शारदीय नवरात्र की द्वितीया तिथि पर आयोजित रैली में 500 दोपहिया वाहन शामिल हुए।

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को फसल क्षतिपूर्ति के लिए कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित करने से पहले रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डबल इंजन सरकार मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नारी सशक्तीकरण ही सुरक्षित, समृद्ध एवं विकसित उत्तर प्रदेश की आधारशिला है।

नवरात्र की द्वितीया तिथि पर माता ब्रह्मचारिणी के प्रति आस्था निवेदित करते हुए मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश दिया। अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

रैली के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डा. विमलेश पासवान और प्रदीप शुक्ल उपस्थित रहे। विधान परिषद सदस्य डा. धर्मेंद्र सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply