Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, सपा में जाने की चर्चा तेज
@आशुतोष मिश्रा
चाय पंचायत, गोरखपुर। नगर निगम के बेतियाहाता वार्ड के पार्षद अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी सोनू ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की है। उन्होंने इसकी जानकारी अपने फेसबुक खाते पर साझा करते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व और मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। उनकी इस पोस्ट के बाद गोरखपुर के राजनीतिक गलियारों में उनके समाजवादी पार्टी से जुड़ने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विश्वजीत त्रिपाठी ने अपनी फेसबुक पोस्ट में अखिलेश यादव को सर्वसमाज का नेता बताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने यह भी लिखा कि अखिलेश यादव से उनकी शिष्टाचार भेंट हुई थी और वह भविष्य में पार्टी के एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे।

पार्षद ने अपनी पोस्ट में समाज के मान-सम्मान को बनाए रखने की बात भी कही है। हालांकि, उन्होंने समाजवादी पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होने की कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।
गौरतलब है कि विश्वजीत त्रिपाठी वर्षा के दौरान गोरखपुर में जलभराव के मुद्दे पर सांसद रवि किशन से फोन पर बातचीत का ऑडियो-वीडियो प्रसारित होने के बाद चर्चा में आए थे। अब अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात और फेसबुक पोस्ट के बाद उनकी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
