Estimated reading time: 1 minute
जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्याएं सुनीं, गंभीर रोगियों को आयुष्मान योजना के साथ विवेकाधीन कोष से भी मिलेगी आर्थिक सहायता
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में किसी भी जरूरतमंद के उपचार में आर्थिक अभाव बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। इसके बाद भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार हर जरूरतमंद को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वजन ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उपचार की पूरी व्यवस्था कराएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें, जिससे बीमारी की स्थिति में उसे निर्बाध उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने लोगों के पास पहुंचकर उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है।
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गोशाला में भोलू और छुटकी को खिलाई रोटी-गुड़
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाकर गोसेवा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। मुख्यमंत्री के सानिध्य में गोवंश उनके पास आने के लिए उत्सुक दिखे। इस पर उन्होंने स्नेहपूर्वक उन्हें अपनी जगह पर रहने की सीख देते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’
