युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों का करियर तबाह कर देगी सरकार : योगी

IMG-20261120-WA0059

Estimated reading time: 1 minute

2017 से पहले भर्तियों में मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का था राज, अब प्रदेश में हो रही हैं फटाफट भर्तियां

गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट, बोले मुख्यमंत्री- रील नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें युवा

8000 लेखपालों को एक सप्ताह में और 32 हजार पुलिसकर्मियों को दिसंबर के पहले सप्ताह तक मिलेगा नियुक्ति पत्र

☕ आशुतोष मिश्र, चाय पंचायत।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। युवाओं के करियर से खेलने वालों का करियर तबाह कर दिया जाएगा। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों पर मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। नौजवानों की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी और प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उस सिंडिकेट को समाप्त कर अब उत्तर प्रदेश में पारदर्शी तरीके से फटाफट भर्तियां हो रही हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोरखपुर के 35 हजार तथा देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मंच पर 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नकल माफिया और प्रश्नपत्र लीक करने वालों के विरुद्ध आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माना और पैतृक संपत्ति जब्त करने का कठोर प्रविधान किया है। इसी का परिणाम है कि अब प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और तेज हुई है।

साढ़े नौ वर्षों में पौने दस लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

सरकारी भर्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पूर्व में दिए गए व्यंग्यात्मक बयान का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने नियुक्तियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में साढ़े नौ वर्षों के दौरान पौने दस लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को कृषि विभाग में 3572, 19 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग में 818, 22 सितंबर को शिक्षा विभाग में 3568, 28 सितंबर को पंचायती राज विभाग में 1375 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। आठ अक्टूबर को पुलिस भर्ती बोर्ड से चयनित 470 कुशल खिलाड़ियों, पांच नवंबर को 28 फॉरेंसिक साइंटिस्ट, छह नवंबर को 4543 उपनिरीक्षकों और 11 नवंबर को राजस्व विभाग में 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 8000 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अगले एक सप्ताह में उन्हें नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे। वहीं, 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का सत्यापन अंतिम चरण में है। नवंबर के अंत अथवा दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक उन्हें भी नियुक्ति पत्र मिल जाएंगे। इसके अलावा 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक औसतन प्रत्येक पांचवें या सातवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का बड़ा कार्यक्रम आयोजित होता रहेगा।

आर्यवर्धन की मौत पर जताया आक्रोश, बोले- अराजकता बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत पर एक बार फिर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि बुधवार को अपनी छोटी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहे कक्षा 10 के छात्र आर्यवर्धन को समाजवादी पार्टी के जुलूस ने रौंद डाला। वह चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांति के महान क्रांतिकारी शिव पूजन सिंह के परिवार का सदस्य था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस तरह की अराजकता और गुंडागर्दी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। अराजकता फैलाने वालों को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले लोग चुनाव हारने के बाद बिलों में दुबक जाते हैं और चुनाव नजदीक आते ही फिर सक्रिय हो जाते हैं।

नशे के सौदागरों के खिलाफ चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि माफिया और संगठित अपराध के विरुद्ध कार्रवाई के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के सौदागरों के खिलाफ भी अत्यंत सख्त अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल प्रदेश और देश के निर्माण में होना चाहिए।

टैबलेट में 18 हजार से अधिक निश्शुल्क पाठ्यक्रम

मुख्यमंत्री ने टैबलेट को विद्यार्थियों के लिए चलती-फिरती यूनिवर्सिटी बताते हुए कहा कि इसमें इंफोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निश्शुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। युवा साथी एप के माध्यम से पीएम मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, छात्रवृत्ति और इंटर्नशिप सहित केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान 2021 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का संकल्प लिया गया था। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को इसका लाभ मिला। आइआइएम लखनऊ के अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पहले चरण का लाभ तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा और 46 प्रतिशत युवाओं ने अपने परिवार में पहली बार कोई डिजिटल उपकरण देखा।
युवाओं की मांग पर दूसरे चरण में 25 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जा रहे हैं। लखनऊ के बाद गोरखपुर में यह दूसरा बड़ा वितरण कार्यक्रम है।

रील पर 30 सेकंड, कौशल पर तीन घंटे दें

मुख्यमंत्री ने युवाओं को इंटरनेट मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सावधान किया। कहा कि तकनीक का उपयोग करें, लेकिन उसे खुद पर हावी न होने दें। हर वायरल सामग्री सच नहीं होती। इसलिए किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखें।

उन्होंने कहा, ‘रील पर बशर्ते 30 सेकंड दीजिए, लेकिन अपनी स्किलिंग के लिए 30 मिनट से तीन घंटे का समय अवश्य निकालें। फीड नहीं, बल्कि अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें।’ उन्होंने युवाओं से रील लाइफ और रियल लाइफ के अंतर को समझने की अपील की।

मतदाता बनना और मतदान करना राष्ट्रीय कर्तव्य

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और जनगणना 2027 में युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना और मतदान करना राष्ट्रीय कर्तव्य है। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं में से अभी केवल 25 प्रतिशत के नाम ही मतदाता सूची में शामिल हैं, जबकि 75 प्रतिशत के नाम जुड़ने बाकी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने को कहा। बताया कि नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, गलत नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और परिवार के सदस्यों के नाम एक ही बूथ पर स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने जनगणना 2027 के स्वगणना अभियान में भी टैबलेट के माध्यम से भागीदारी करने का आह्वान किया।

तीन गुना हुई प्रदेश की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय और प्रदेश के बजट का आकार भी तीन गुना हुआ है। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। प्रदेश में पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सहित कुल 17 एयरपोर्ट हैं। सर्वाधिक शहरों में मेट्रो का संचालन भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। गीडा में 2007 से 2017 के बीच महज 29-30 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था, जबकि 2017 के बाद से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 हजार युवाओं को वरुण बेवरेजेज, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क और स्टील कंपनियों में रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जिनकी संख्या अब 25 हजार से अधिक हो गई है। एक जिला एक उत्पाद योजना से सवा तीन करोड़ लोगों को काम मिला है। अब उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद एक व्यंजन योजना शुरू की गई है।

हर जिले में बनेंगे स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित किए जाएंगे। इनमें आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। जापान और जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को वहां की भाषा और आवश्यक कौशल का प्रशिक्षण देकर विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का गारंटीमुक्त और ब्याजमुक्त ऋण तथा मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जा रही है। स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रत्येक जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन अभ्युदय कोचिंग संचालित है। 67 लाख युवाओं को पूर्व दशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति तथा पीएम-सीएम इंटर्नशिप योजना के तहत स्टाइपेंड की व्यवस्था की गई है।

उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की यात्रा उपद्रव से उत्सव की ओर हुई है। पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और आगजनी होती थी। बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। अब प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा और हर ओर खुशहाली का माहौल है।

उन्होंने कहा कि कभी गोरखपुर और आसपास का क्षेत्र इंसेफेलाइटिस तथा बीमार बीआरडी मेडिकल कॉलेज के लिए जाना जाता था। इंसेफेलाइटिस पूर्ववर्ती सरकारों के बीमारूपन का प्रतीक थी। उनकी सरकार ने इस बीमारी पर नियंत्रण पाया है। आज गोरखपुर चिकित्सा और शिक्षा का केंद्र बन रहा है। यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आसपास के जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए हैं। गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय हैं और गुरुवार को पांचवें विश्वविद्यालय फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया गया है।

2047 में यही युवा करेंगे विकसित भारत का नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 वर्ष बाद जब देश आजादी का शताब्दी महोत्सव मनाएगा, तब यही युवा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, चिकित्सक, प्रोफेसर और उद्यमी बनकर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से निराशा छोड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल परिसर का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। कंपनी फॉक्सकॉन के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि रात की पाली में काम करने वाली बेटियों से सुरक्षा के बारे में पूछने पर उन्होंने बेखौफ होकर जवाब दिया कि जब लखनऊ में मुख्यमंत्री बैठे हैं तो डर कैसा।

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को तकनीक की नवीनतम जानकारियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘न भूतो न भविष्यति’, योगी आदित्यनाथ जैसा मुख्यमंत्री मिलना आसान नहीं है। युवाओं को दस वर्ष पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश की तुलना करनी चाहिए।

प्रदेश सरकार के कृषि एवं कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण के माध्यम से मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि पहले की सरकारों में युवाओं के हाथों में कट्टा दिया जाता था, जबकि आज उन्हें टैबलेट दिया जा रहा है। मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

समारोह में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. रतनपाल सिंह, ध्रुव त्रिपाठी, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, सरवन कुमार निषाद, सभाकुंवर, मनीष जायसवाल, पीएन पाठक, मोहन वर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, प्रेम सागर पटेल, जय मंगल कनौजिया, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके साथ सेल्फी ली। विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में भी मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply