Estimated reading time: 1 minute
18 से 20 अक्टूबर तक शाम पांच बजे से लागू होगा डायवर्जन, 20 अक्टूबर को गोरखनाथ मंदिर की शोभायात्रा के दौरान दोपहर तीन बजे से बदलेगा मार्ग
चाय पंचायत, गोरखपुर। श्री दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गोरखपुर महानगर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 18, 19 और 20 अक्टूबर को शहर क्षेत्र में शाम पांच बजे से यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रात 11 बजे के बजाय सुबह चार बजे तक प्रभावी रहेगी। वहीं, 20 अक्टूबर को श्री गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। एंबुलेंस को डायवर्जन से छूट रहेगी।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग
लखनऊ, बस्ती और संतकबीरनगर की ओर से नौसढ़ आने वाले ऐसे भारी मालवाहक वाहन, जिन्हें महराजगंज, सोनौली और कुशीनगर जाना है, वे कालेसर से जंगल कौड़िया और बाघागाड़ा फोरलेन होकर जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
वाराणसी और बड़हलगंज की ओर से महराजगंज व सोनौली जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को बाघागाड़ा फोरलेन से बाईपास होकर कालेसर, जंगल कौड़िया, जगदीशपुर कोनी, सोनबरसा और पिपराइच के रास्ते भेजा जाएगा। वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।
देवरिया की ओर से आने वाले तेल टैंकर, गैस टैंकर और अन्य व्यावसायिक वाहनों को खोराबार बाईपास से सिवटौर, रामगढ़ताल थाना तिराहा और पैडलेगंज होकर गंतव्य तक जाना होगा।
बरगदवां की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बरगदवां चौराहे से नकहा ओवरब्रिज होते हुए स्पोर्ट्स कालेज की ओर भेजा जाएगा। हल्के वाहनों को आवश्यकता के अनुसार एमपी पालीटेक्निक चौराहा, इंडस्ट्रियल मोड़ और रामनगर चौराहे से स्पोर्ट्स कालेज होकर खजांची की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शहर में भीड़ बढ़ने पर बदलेगा आवागमन
पैडलेगंज और मोहद्दीपुर की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को भीड़ बढ़ने पर आवश्यकतानुसार नौकायन, हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास और चिड़ियाघर की ओर से भेजा जाएगा। टीपी नगर चौराहे से बेतियाहाता की तरफ आने वाले वाहनों को भीड़ बढ़ने पर पैडलेगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
धर्मशाला और काली मंदिर की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को जरूरत पड़ने पर पुलिस लाइन तिराहा और यातायात कार्यालय तिराहे से कार्मल रोड तिराहा, रेलवे रोडवेज तिराहा होते हुए विश्वविद्यालय चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
टर्बट बंधा से लालडिग्गी और साहबगंज मंडी की तरफ जाने वाले भारी वाहनों का निर्धारित समय में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को टीपी नगर से अमर उजाला, पैडलेगंज और नौकायन की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
धर्मशाला चौराहा और गोयल गली तिराहे से चार पहिया और तीन पहिया वाहन गैंजेस तथा दुर्गाबाड़ी की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाना होगा।
सूरजकुंड ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन तिवारीपुर होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। तिवारीपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को सूरजकुंड ओवरब्रिज से होकर निकाला जाएगा।
कुशीनगर और देवरिया की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को भीड़ बढ़ने पर शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को कूड़ाघाट तिराहा से खोराबार देवरिया बाईपास रोड, हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास तिराहा, नौकायन और पैडलेगंज की ओर भेजा जाएगा।
श्री गोरखनाथ मंदिर से धर्मशाला होते हुए यातायात तिराहा और यातायात तिराहा से धर्मशाला होकर गोरखनाथ मंदिर जाने वाले आटो, ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों का मार्ग भी परिवर्तित रहेगा।
20 अक्टूबर को शोभायात्रा के दौरान नौ मार्गों पर प्रतिबंध
श्री गोरखनाथ मंदिर से 20 अक्टूबर को निकलने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव रहेगा।
1. धर्मशाला चौराहा: यहां से गोरखनाथ मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहनों को धर्मशाला चौकी से सीधे गैंजेस, दुर्गाबाड़ी, सूरजकुंड, ग्रीन सिटी और कौड़ियहवा मोड़ होकर भेजा जाएगा।
2. जेपी अस्पताल: जेपी अस्पताल से गोरखनाथ मंदिर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें जेपी अस्पताल गली से दुर्गाबाड़ी होकर निकाला जाएगा।
3. इंडस्ट्रियल एरिया मोड़: यहां से मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रामनगर तिराहा और नकहा ओवरब्रिज होकर जाएंगे।
4. लेबर तिराहा: यहां से गोरखनाथ मंदिर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें सूरजकुंड होकर भेजा जाएगा।
5. सूरजकुंड: सूरजकुंड से रामलीला मैदान, अधियारीबाग की ओर शोभायात्रा समाप्त होने तक सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहनों को सुभाष चंद्र बोस नगर और ग्रीन सिटी मोड़ होकर निकाला जाएगा।
6. गोरखनाथ थाने के पीछे का तिराहा: यहां से मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को थाने के पीछे से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा।
7. मंदिर का गेट नंबर दो: यहां से गोरखनाथ थाने की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहनों को जाहिदाबाद तिराहे से निकाला जाएगा।
8. दशहरी बाग तिराहा: यहां से गोरखनाथ मंदिर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें कौड़ियहवा मोड़ और इंडस्ट्रियल मोड़ होकर भेजा जाएगा।
9. अधियारीबाग तिराहा:यहां से रामलीला मैदान की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहनों को रसूलपुर, दशहरी बाग तिराहा और कौड़ियहवा होकर जाना होगा।
