Estimated reading time: 1 minute
कम उम्र के लड़के-लड़कियों को बुलाने और 1500 से 2000 रुपये वसूलने की सूचना; सात हुक्के समेत सामग्री बरामद, चार अन्य की तलाश
चाय पंचायत, गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हाल में कथित रूप से अवैध हुक्का बार संचालित किए जाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से सात हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच पैकेट समेत हुक्का बार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, कम उम्र के लड़के-लड़कियों को लाइसेंस का झांसा देकर बुलाने और उनसे 1500 से 2000 रुपये तक वसूलने की सूचना मिली थी। मामले में चार अन्य लोगों को वांछित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हाल में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर खोराबार थाने की टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अशफाक अहमद के नेतृत्व में पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के मदनगंज निवासी रवि दग्दी और बलरामपुर जिले के सिरसिया निवासी अखिलेश वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य लोग मौके से भाग निकले।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सात हुक्के, पाइप और चिलम, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, क्यूब कोल (कोयला) के तीन बाक्स, कोयले के दो खुले और एक बंद पैकेट, हुक्के में इस्तेमाल होने वाली आठ डिस्पोजेबल माउथ टिप्स तथा दो कोल बर्नर बरामद किए हैं।
मामले में गोरखपुर के बेतियाहाता निवासी रक्ष ढींगरा, बिछिया रेलवे कालोनी निवासी सोनू गुप्ता तथा दीपक और सागर को वांछित किया गया है। दीपक और सागर के पते की जानकारी नहीं है। खोराबार थाने में मुकदमा संख्या 496/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 271, 223 तथा सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 21/22 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
