गोरखनाथ मंदिर में कल कन्या पूजन करेंगे योगी, मंगलवार को निकलेगी विजयादशमी शोभायात्रा

IMG-20261018-WA0074

Estimated reading time: 1 minute

महानवमी पर कन्याओं के पांव पखारकर करेंगे पूजन, विजयादशमी पर गुरु गोरखनाथ के पूजन से शुरू होंगे अनुष्ठान

चाय पंचायत, गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी पर होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सोमवार, 19 अक्टूबर को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महानवमी पर कन्या पूजन करेंगे। वह मां दुर्गा के स्वरूप में पूजित कुंवारी कन्याओं के पांव पखारकर उनका विधि-विधान से पूजन करेंगे और भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार भेंट करेंगे। मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर गोरक्षपीठ में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शाम चार बजे मुख्यमंत्री की अगुवाई में पारंपरिक शोभायात्रा निकलेगी। इसमें मानसरोवर मंदिर में पूजन-अभिषेक और मानसरोवर रामलीला मैदान में प्रभु श्रीराम का राजतिलक प्रमुख आयोजन होंगे।

सुबह 11 बजे होगा कन्या पूजन

शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में विधि-विधान से कलश स्थापना कर शक्ति उपासना का शुभारंभ किया था। रविवार से वह पुनः मंदिर में प्रवास कर रहे हैं। महानवमी पर सोमवार को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप देवी सिद्धिदात्री की आराधना के बाद पूर्वाह्न 11 बजे कन्या पूजन करेंगे।

गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री कुंवारी कन्याओं के पांव पखारेंगे। उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाकर विधि-विधान से पूजन करेंगे। इसके बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर दक्षिणा और उपहार भेंट करेंगे तथा उनका आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान बटुक पूजन भी किया जाएगा। कन्या पूजन के इस अनुष्ठान के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा में उसके विशिष्ट स्थान का संदेश दिया जाएगा।

गुरु गोरखनाथ के पूजन से शुरू होंगे विजयादशमी के अनुष्ठान

विजयादशमी पर मंगलवार सुबह 9:35 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शिवावतार गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन करेंगे। इसके साथ ही गोरक्षपीठ में विजयादशमी के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। गुरु गोरखनाथ के पूजन के बाद मंदिर परिसर में स्थापित अन्य देव विग्रहों की भी पूजा-अर्चना की जाएगी।

दोपहर एक बजे से तीन बजे तक गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलकोत्सव होगा। इस दौरान वह श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद शाम चार बजे पारंपरिक विजयादशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। गोरक्षपीठाधीश्वर गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लेकर रथ पर सवार होंगे। तुरही, नगाड़े और बैंड-बाजे की धुन के बीच शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी।

मानसरोवर में पूजन, रामलीला मैदान में होगा श्रीराम का राजतिलक

मानसरोवर मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवाधिदेव महादेव सहित अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां चल रही रामलीला में वह प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे। इस दौरान प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमानजी का पूजन कर आरती उतारी जाएगी।

रामलीला मैदान से शोभायात्रा पुनः गोरखनाथ मंदिर लौटेगी। इसके बाद शाम सात बजे से पारंपरिक प्रसाद वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन होगा। गरीबों, ब्राह्मणों और अतिथियों के लिए आयोजित इस भोज में बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोग शामिल होंगे। गोरक्षपीठ की यह परंपरा सामाजिक समरसता और भेदभाव से परे सामूहिक सहभागिता का संदेश देती है।

Leave a Reply