गोरखपुर में सात साल में बने 15 सेतु, 1275 करोड़ रुपये से बढ़ी कनेक्टिविटी की रफ्तार

IMG_20261031_215909

Estimated reading time: 1 minute

भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे लोकार्पण, 59.44 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण

गोरखपुर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पिछले सात वर्षों में गोरखपुर में सेतु निर्माण के कई बड़े कार्य हुए हैं। इसी कड़ी में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 59.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही बीते सात वर्षों में जिले में निर्मित और जनता को समर्पित किए गए सेतुओं की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।

भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज से पहले जिले में 14 ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है। इन पर कुल 1215.39 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अब भोपा बाजार ओवरब्रिज की लागत जोड़ने के बाद इन 15 सेतुओं के निर्माण पर कुल व्यय 1274.83 करोड़ रुपये हो जाएगा।

शहर में बढ़ते यातायात दबाव और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है। इनसे प्रमुख चौराहों और मार्गों पर आवागमन आसान होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की जिला मुख्यालय से कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है।

भोपा बाजार रेल समपार फाटक पर ओवरब्रिज बनने से स्थानीय लोगों और प्रतिदिन आवागमन करने वालों को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। रेलवे फाटक बंद होने पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। इससे लोगों को काफी समय गंवाना पड़ता था। अब निर्बाध आवागमन से स्थानीय व्यापार, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।

सात वर्षों में लोकार्पित किए गए 14 सेतु

* 3 दिसंबर 2019: पीपीगंज-मेंहदावल मार्ग पर बढ़या ठाठर घाट सेतु, लागत 49.85 करोड़ रुपये।

* 30 जून 2020: सहजनवा क्षेत्र में ढढौना-भरवलिया के बीच सेतु, लागत 12.32 करोड़ रुपये।

* 30 जून 2020: गाडर और शाहीदाबाद के बीच सेतु, लागत 15.93 करोड़ रुपये।

* 30 जून 2020: चिलुआताल के कोल्हुआ घाट पर सेतु, लागत 21.20 करोड़ रुपये।

* 5 जुलाई 2021: चौरीचौरा-सरदारनगर के बीच समपार संख्या 149ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 21.27 करोड़ रुपये।

* 5 जुलाई 2021: चौरीचौरा-गौरी बाजार के बीच समपार संख्या 145ई पर रेल ओवरब्रिज, लागत 25.24 करोड़ रुपये।

* 7 जनवरी 2022: राप्ती नदी के चंदा घाट पर सेतु, लागत 35.26 करोड़ रुपये।

* 18 अगस्त 2022: घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पर सेतु, लागत 117.84 करोड़ रुपये।

* 9 अप्रैल 2023: कुआनो नदी के बनकटा घाट पर सेतु, लागत 15.55 करोड़ रुपये।

* 6 सितंबर 2024: बालापार-टिकरिया मार्ग पर समपार संख्या छह स्पेशल पर रेल ओवरब्रिज, लागत 84.87 करोड़ रुपये।

* 19 दिसंबर 2025: गोरखपुर-डोमिनगढ़ स्टेशन के बीच क्रॉसिंग संख्या 162ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 137.83 करोड़ रुपये।

* 27 जनवरी 2026: खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर, लागत 96.50 करोड़ रुपये।

* 27 जनवरी 2026: बरगदवा चौराहे से फर्टिलाइजर मार्ग पर समपार संख्या 5ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 152.18 करोड़ रुपये।

* 23 जुलाई 2026: टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर, लागत 429.49 करोड़ रुपये।

Leave a Reply