अखिलेश बोले- गोरखपुर में भाजपा होगी डबल जीरो

IMG-20261118-WA0107

Estimated reading time: 1 minute

देवकही में अखिलेश ने किया बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण, भाजपा पर साधा निशाना

शाम को तिवारी हाता पहुंचे, राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर हुआ स्वागत, गौशाला में गायों को खिलाया चारा और गुड़

गोरखपुर,चाय पंचायत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र और मताधिकार बचाने की लड़ाई बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, महंगाई, किसानों की समस्याओं और युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और चौरीचौरा की जनता में परिवर्तन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। यदि आज चुनाव हो जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा डबल जीरो हो जाएगी।

अखिलेश यादव पीडीए रथयात्रा के माध्यम से जनसमुदाय का अभिवादन करते हुए देवकही पहुंचे। यहां उन्होंने बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और स्वर्गीय विनय कुमार सिंह बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर की सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन विधानसभा चुनाव से पहले की शुरुआत है। गोरखपुर और चौरीचौरा की जनता बदलाव चाहती है। चौरीचौरा की धरती का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया। हमें उन शहीदों पर गर्व है, जिनके कारण देश आजाद हुआ। बाबू बंधू सिंह के साथ पीडीए समाज के शहीद नायकों को भी याद करना जरूरी है।


बोले- चुनाव प्रदेश के भविष्य और लोकतंत्र बचाने का है

अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल सीटें जीतने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह प्रदेश और जनता के भविष्य का चुनाव है। यह लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने की लड़ाई है। भाजपा वोटर सूची में हेराफेरी करना चाहती है। जो लोग वन नेशन, वन इलेक्शन की बात करते हैं, वे एक वोटर सूची भी ठीक से नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा ने आजादी की लड़ाई में देश को एक संदेश दिया था। उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी यह क्षेत्र बदलाव का संदेश देगा।

एम्स और मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने गोरखपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। गोरखपुर का एम्स ठीक से नहीं चल पा रहा है। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की जान चली गई थी, लेकिन सरकार ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की और न ही पीड़ित परिवारों की मदद की। सरकारी अस्पतालों में गरीबों को ठीक से इलाज नहीं मिल रहा है और उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एम्स की निदेशक बीमार हुईं तो उन्हें भी एम्स में इलाज नहीं मिल पाया और निजी नर्सिंग होम में उपचार कराना पड़ा। गोरखपुर एम्स के लिए जमीन समाजवादी पार्टी की सरकार में दी गई थी और इसकी शुरुआत भी उसी सरकार के कार्यकाल में हुई थी। गोरखपुर में पहले से मेडिकल कॉलेज था, इसके बाद एम्स भी बन गया, लेकिन इसके बावजूद लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। भाजपा सरकार में निजी अस्पताल बढ़े हैं और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था कमजोर हुई है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। गरीबों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज मिलेगा। इसके लिए किसी विशेष कार्ड की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने एंबुलेंस सेवा और पुलिस की डायल 100 सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन व्यवस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हथेली गरम, पुलिस नरम।

महंगाई और किसानों की आय का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों और गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकार को पेट्रोल सस्ता करना चाहिए था, लेकिन वह मिलावटखोरी कर रही है। पेट्रोल में ई-20 इथेनॉल मिलाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तकनीक की जानकारी नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों को टैबलेट के नाम पर पुराना मॉडल दिया जा रहा है। वर्ष 2026 में छात्रों को वर्ष 2014 के मॉडल का टैबलेट दिया जा रहा है, जो ठीक से काम भी नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में बांटे गए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं। मौजूदा दौर कृत्रिम मेधा (एआइ) और आधुनिक तकनीक का है। ऐसे में विद्यार्थियों को लैपटॉप की जरूरत है। इंटरनेट सेवा के विस्तार का श्रेय भी उन्होंने समाजवादी सरकार को देते हुए कहा कि उस समय सबसे अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाए गए थे। इससे गांव-गांव तक इंटरनेट पहुंचा और व्यापार, कारोबार तथा तकनीकी गतिविधियों को गति मिली।

सरकार बनने पर लगाई जाएंगी गन्ने की मिलें

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गन्ने की नई मिलें लगाई जाएंगी। इनमें इथेनॉल के साथ अन्य उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे। इससे किसानों का भविष्य बेहतर बनाने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि पीडीए की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय की स्थापना की जाएगी। बंधु राष्ट्र का निर्माण होगा। अमर शहीदों और क्रांतिकारियों को सम्मान देने के साथ समाज के सभी वर्गों को सम्मान मिलेगा। कानून का राज स्थापित किया जाएगा और किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर दस वर्षों में किसानों और नौजवानों को धोखा देने तथा उनके भविष्य को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। कहा कि जनता भाजपा के दस वर्षों के शासन को देख चुकी है। गोरखपुर की जनता समाजवादी पार्टी को सभी सीटों पर जीत दिलाएगी। उन्होंने फिर दोहराया कि काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा डबल जीरो होगी।

मेंट्रो के वादे पर कसा तंज, बोले- बरसात में मेट्रो नहीं नाव चलती है

अखिलेश यादव ने गोरखपुर के विकास को लेकर भी भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लगा, जैसे यूरोप की यात्रा पर आ गए हों। यहां भाजपा के वादों वाला स्पेन भी है और वेनिस भी। मुख्यमंत्री ने कभी गोरखपुर में मेट्रो चलाने का वादा किया था, लेकिन हर बरसात में यहां मेट्रो नहीं, नाव चलती है।

कार्यक्रम का आयोजन अजय कुमार सिंह टप्पू ने किया। उन्होंने अखिलेश यादव का स्वागत किया। अखिलेश यादव ने आयोजन के लिए अजय कुमार सिंह टप्पू को धन्यवाद दिया। साथ ही कार्यक्रम में पहुंचे पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों, किसानों और नौजवानों के प्रति आभार जताया।

शाम को पहुंचे तिवारी हाता, राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर हुआ स्वागत

देवकही में कार्यक्रम के बाद बुधवार शाम अखिलेश यादव पूर्वांचल की राजनीति के ऐतिहासिक केंद्र तिवारी हाता पहुंचे। यहां पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी के आवास पर तिवारी परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। पूर्व सांसद की पत्नी रीना त्रिपाठी ने पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमा भेंट की। पूर्व सांसद के पुत्र ईशान शंकर तिवारी ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने तिवारी परिवार के सदस्यों और वहां मौजूद गणमान्य लोगों से मुलाकात की। स्वागत के अवसर पर पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वजाहत करीम, सुरहिता करीम, डॉ. चितरंजन मिश्र, डॉ. रजनीकांत पांडेय, आशुतोष मिश्र, संतोष पांडेय, सुधीप पांडेय और रिंटू पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

गौशाला में गायों को खिलाया चारा और गुड़

तिवारी हाता परिसर में स्थित गौशाला पहुंचकर अखिलेश यादव ने गायों को अपने हाथों से चारा और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोसेवा की परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी का आवास तिवारी हाता दशकों से पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

Leave a Reply