Estimated reading time: 1 minute
सहजनवा, गोरखपुर। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ गुरुवार को सहजनवा में विधायक प्रदीप शुक्ल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा की अगुआई की। थाना चौराहे से शुरू हुई यात्रा घघसरा मोड़, सब्जी मंडी और तहसील रोड होते हुए पुन: थाने पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।
यात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। मुरारी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने यात्रा को विशेष बना दिया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमर गाथा का प्रतीक है। यह उन वीर सपूतों के योगदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना सभी की जिम्मेदारी है।
विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान तहसील के अधिवक्ताओं ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इससे यात्रा में शामिल विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया।
इस दौरान पिछड़ा आयोग सदस्य डॉ. आरडी सिंह, चेयरमैन संजू सिंह, जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, जिला महामंत्री राजा राम कनौजिया, जिला मीडिया प्रभारी केएम मझवार, मंडल अध्यक्ष सूर्यनाथ विश्वकर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता परशुराम शुक्ला, मनोज सिंह, बीना उपाध्याय, पुरुषोत्तम अग्रवाल, श्रीप्रकाश शुक्ला, अभिमन्यु मौर्य, विकास सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय शुक्ला, गौरव गुप्ता, नरेंद्र शुक्ला, देवानंद शुक्ला, ईश्वर चंद्र सिंह, मनोज जायसवाल, प्रधान गुड्डू उपाध्याय, प्रधान संजय शुक्ला, कैप्टन ओमप्रकाश मिश्रा, राम बुझारत पासी, ऋषिकेश जायसवाल और फूलचंद यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

