Estimated reading time: 1 minute
शिप्रा लॉन में होगा वरिष्ठजन सम्मान समारोह, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को भेजेंगे ज्ञापन
गोरखपुर। अपने अनुभव, त्याग और पुरुषार्थ से परिवार और समाज को दिशा देने वाले वरिष्ठजनों को सम्मानित करने के लिए 29 नवंबर को पितामही–पितामह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। युवा चेतना समिति की ओर से प्रातः 10:30 बजे बबीना होटल के निकट स्थित शिप्रा लॉन में होने वाले इस समारोह में 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुषों और 75 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में वरिष्ठजनों की गरिमा, अधिकारों और सम्मानजनक जीवन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
शुक्रवार को बैंक रोड स्थित होटल विवेक में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन अध्यक्ष एवं संयोजक पुष्प दत्त जैन ने बताया कि वरिष्ठजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से पितामही–पितामह सम्मेलन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन के सह संयोजक डॉ. विमल कुमार मोदी, समिति अध्यक्ष मान्धाता सिंह, आयोजन उपाध्यक्ष डॉ. जेके लाल, अचिंत्य लाहिड़ी, आशुतोष मिश्र, अर्जुन बलानी, विनोद प्रकाश पांडेय एवं सुधांशु चंद्रा ने बताया कि समारोह में वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, पारिवारिक उपेक्षा, एकाकीपन और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर विमर्श होगा।
शोध रिपोर्ट के आधार पर होगी चर्चा
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की प्रो. अनुभूति दुबे के निर्देशन में शोधार्थियों ने अतिवरिष्ठ नागरिकों के बीच सर्वेक्षण किया है। इसकी रिपोर्ट सम्मेलन में प्रस्तुत कर वरिष्ठजनों की मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य समस्याओं, आर्थिक सुरक्षा और पारिवारिक सहभागिता से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजेंगे ज्ञापन
वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। इसमें सुलभ चिकित्सा सुविधाएं, सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा, सम्मानजनक वृद्धावस्था और वरिष्ठजनों के अनुभव एवं कार्यक्षमता का रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
सम्मेलन में हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. रामदेव शुक्ल, मनोविज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. आदेश अग्रवाल, पद्मश्री सम्मानित कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामचेत चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक नारायण धर दुबे तथा प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. राहुल मोदी को आमंत्रित किया गया है। ये विशेषज्ञ स्वास्थ्य, विधिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, पारिवारिक सामंजस्य और सकारात्मक जीवनशैली पर मार्गदर्शन देंगे।
समिति पदाधिकारियों ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल मंच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक परिवार के व्यवहार और संस्कारों में भी दिखाई देना चाहिए।
