Egg Price in UP: अंडे का भाव गिरने से पोल्ट्री फार्मर परेशान, लागत से कम कीमत पर बिक्री

IMG_20261123_210212

Estimated reading time: 1 minute

NECC ने तीन दिन में 78 पैसे घटाए अंडे के दाम, छह रुपये से अधिक आ रही उत्पादन लागत; कोल्ड स्टोरेज में भंडारित अंडों की बिक्री पर उठे सवाल

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में अंडा उत्पादन का सीजन चरम पर है, लेकिन इस दौरान भी पोल्ट्री फार्मर को अंडों का उचित भाव नहीं मिल रहा है। मक्का और प्रोटीन स्रोतों की कीमतों में वृद्धि से अंडा उत्पादन की लागत छह रुपये प्रति अंडे से अधिक पहुंच गई है। इसके बावजूद नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (एनईसीसी) की ओर से लगातार अंडों के भाव घटाए जा रहे हैं। तीन दिनों में ही अंडे का भाव 6.43 रुपये से गिरकर 5.65 रुपये पर पहुंच गया है। ऐसे में फार्मर को लागत से कम कीमत पर अंडे बेचने पड़ रहे हैं।

कुक्कुट विकास समिति के अध्यक्ष वीपी सिंह के अनुसार, अंडों की कीमतों में गिरावट के पीछे उत्तर प्रदेश के विभिन्न कोल्ड स्टोरेज में बड़े पैमाने पर अंडों का भंडारण और उनकी कम कीमत पर बिक्री प्रमुख वजह है। उनका आरोप है कि प्रदेश के कई कोल्ड स्टोरेज में करोड़ों अंडों का कथित रूप से निर्धारित सरकारी मानकों का पालन किए बिना भंडारण किया गया है। इन अंडों को बाजार में कम कीमत पर बेचा जा रहा है। इससे ताजा अंडों के बाजार भाव पर भी असर पड़ रहा है।

सीजन में भी फार्मर को नहीं मिल रहा उचित भाव

सर्दियों में अंडों की मांग और खपत बढ़ने से पोल्ट्री फार्मर को बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद रहती है। इस बार स्थिति इसके उलट है। मक्का और प्रोटीन स्रोत महंगे होने से उत्पादन लागत बढ़ गई है, जबकि अंडों के भाव लगातार गिर रहे हैं। समिति अध्यक्ष का कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों से इस स्थिति को लेकर प्रदेश के फार्मर चिंतित हैं। लगातार घाटा होने से कई फार्मर अपना कारोबार बंद करने के लिए मजबूर हो सकते हैं।

पशुपालन विभाग से जांच कराने की मांग

कुक्कुट विकास समिति के अध्यक्ष वीपी सिंह ने इस मामले की जानकारी पशुपालन विभाग के निदेशक राजेंद्र प्रसाद और प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम को दी है। उन्होंने तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर अंडों के भंडारण और उनकी बिक्री की जांच कराने की मांग की है। समिति ने कोल्ड स्टोरेज में रखे अंडों की गुणवत्ता, भंडारण की स्थिति और सरकारी मानकों के अनुपालन की भी जांच कराने का आग्रह किया है।

Leave a Reply