मुख्यमंत्री योगी ने चौधरी कैफुलवरा के आवास पहुंच नवदंपती को दिया आशीर्वाद

IMG-20261102-WA0003

Estimated reading time: 1 minute

उर्दू अकादमी के निवर्तमान चेयरमैन के पुत्र के विवाह समारोह में हुए शामिल, वरिष्ठ होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. रामरतन बनर्जी को दी श्रद्धांजलि

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को उर्दू अकादमी के निवर्तमान चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के गोरखनाथ क्षेत्र स्थित आवास पहुंचे। यहां उनके पुत्र मोहम्मद जैद के विवाह के अवसर पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपती को उपहार एवं शगुन भेंट किया और सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

चौधरी कैफुलवरा ने पुष्पगुच्छ और उपहार भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने आवास पर आगमन और नवदंपती को आशीर्वाद देने के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार का गोरखनाथ मंदिर के महंत और पीठ से तीन-चार पीढ़ियों से पारिवारिक जुड़ाव रहा है। ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ भी पूर्व में परिवार के मांगलिक अवसरों पर पहुंचते रहे हैं।

डॉ. रामरतन बनर्जी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वरिष्ठ होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. रामरतन बनर्जी के दीवान बाजार स्थित आवास भी पहुंचे। उन्होंने दिवंगत चिकित्सक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डॉ. रामरतन बनर्जी का विगत दिनों निधन हो गया था। वह होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. रूप कुमार बनर्जी के पिता थे।

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल स्वजन से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply