Estimated reading time: 1 minute
* सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना, बोले- माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है समाजवादी पार्टी
*17 वार्डों की जलनिकासी समस्या होगी दूर, दूसरे चरण में बिछेगी 342 किलोमीटर सीवर लाइन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर को करीब 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 495.24 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया, जबकि 92.72 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे चरण के कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 721.40 करोड़ रुपये की गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और 65.93 करोड़ रुपये की लागत से गोड़धोइया नाला के दोनों किनारों पर सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के लोग कभी सीधे नहीं हो सकते। जब भी मौका मिलता है, इनकी प्रवृत्ति जमीन पर कब्जा करने की होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था। गरीबों, व्यापारियों और प्रतिष्ठित परिवारों की संपत्तियों पर कब्जे होते थे। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और व्यापारी भय के माहौल में कारोबार करने को मजबूर थे। आज कानून व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। किसी की जमीन या मकान पर कब्जा करने का दुस्साहस करने वाला व्यक्ति अंजाम के बारे में दस बार सोचेगा।

अपराध के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। राह चलती बेटियों के साथ छेड़खानी करने का दुस्साहस करने वालों को जेल या जहन्नुम में से किसी एक रास्ते पर जाना होगा। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा नहीं दे सकता, उसके लिए इससे अधिक नारकीय स्थिति नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गोरखपुर की सड़कों पर गड्ढे, जाम, गंदगी और बरसात में भीषण जलजमाव की समस्या रहती थी। मच्छर और माफिया का आतंक था। आज शहर में सुरक्षा, स्वच्छता और विकास का बेहतर वातावरण है। गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण के पूरा होने के साथ गोरखपुर को मच्छर और माफिया से मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है।
17 वार्डों की जलनिकासी समस्या का होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना से गोरखपुर के 17 वार्डों की जलनिकासी समस्या का समाधान होगा। पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से 7.75 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कराया गया है। इसके साथ 17.5 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी का मुख्य पंपिंग स्टेशन और 14 पुल-पुलियों का निर्माण पूरा हो चुका है।
दूसरे चरण में नाले के जलग्रहण क्षेत्र से जुड़े वार्डों में 342 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। करीब 45 हजार सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन तथा 27 और 37.5 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे ढाई से तीन लाख की आबादी को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित कई क्षेत्रों के लोगों को जलनिकासी की समस्या से राहत मिलेगी। नाले के दोनों किनारों पर सड़क बनाई जाएगी और वृक्षारोपण भी होगा। इससे आसपास के मोहल्लों में आवागमन आसान होगा।
धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर तक बनेगा पक्का नाला
मुख्यमंत्री ने बताया कि धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर होते हुए आगे जाने वाले नाले को भी आरसीसी का पक्का नाला बनाने के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के बिना जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
गोरखपुर में बाहर से आ रहे रोजगार की तलाश में युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर का युवा नौकरी और रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाता था, लेकिन अब दूसरे क्षेत्रों के लोग भी यहां रोजगार के लिए आ रहे हैं। पिछले दस वर्षों में गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार मिला है। यहां नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। शिक्षा, चिकित्सा और औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश तैयार हो रहा है और नए उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर भी अपनी पहचान बना रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गंदगी, जलजमाव और अशुद्ध पेयजल के कारण इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू सहित जलजनित बीमारियों का प्रकोप था। हजारों बच्चे असमय बीमार होते थे और काल के गाल में समा जाते थे। अब योजनाबद्ध तरीके से इन समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। गोड़धोइया नाला परियोजना के लिए अवैध कब्जे हटाए गए, लेकिन पहले से बने मकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
दीपावली पर गरीबों के घर भी जलाएं दीप
मुख्यमंत्री ने लोगों से दीपावली की खुशियां गरीबों के साथ साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम गरीब की झोपड़ी में भी दीप जलाएं और उसे उपहार दें। उन्होंने बताया कि वह स्वयं दीपावली के दिन वनटांगिया गांव जाते हैं और वहां लोगों के साथ त्योहार मनाते हैं। उन्होंने लोगों से मंदिरों और शहीद स्मारकों पर महापुरुषों तथा क्रांतिकारियों के नाम पर एक दीप जलाने का भी आह्वान किया।
सीएम योगी के मार्गदर्शन में विकास की नजीर बना गोरखपुर : रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर विकास की नजीर पेश कर रहा है। 2017 से पहले शहर विकास और कानून व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था। दीपावली से पहले करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात देकर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को ऐतिहासिक उपहार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सम्मान में शेर भी सुनाया।

बिछिया पुल से किया गोड़धोइया नाला परियोजना का निरीक्षण
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने बिछिया पुल से गोड़धोइया नाला परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नमूने के तौर पर बनाई गई 100 मीटर लंबी सड़क पर चलकर उसकी गुणवत्ता भी देखी।
समारोह में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
