गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा एलान, किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए आएगा नया पैकेज

IMG-20261101-WA0034

Estimated reading time: 1 minute

चौरीचौरा में 287.56 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, 59.44 करोड़ से बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन; शहीद स्मारक के नाम पर होगा ओवरब्रिज

☕ राम प्रताप विश्वकर्मा, चाय पंचायत।

गोरखपुर। असमय वर्षा, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार नया पैकेज लाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को चौरीचौरा में किसानों को यह भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने तत्काल मुआवजा दिया है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। किसानों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई के लिए डबल इंजन की सरकार नया पैकेज लाएगी। सभी जिलाधिकारियों को फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती बन चुका है। पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अराजकता से होती थी, लेकिन अब यहां कर्फ्यू और दंगों की जगह उत्सव का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में उत्तर प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था। बदमाशों को संरक्षण मिलता था और गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे। व्यापारी कारोबार करने और बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ विकास के माध्यम से प्रदेश की तस्वीर बदली है। सपा का मतलब बदमाशों को बुलावा, जबकि भाजपा का मतलब बदलाव का सारथी बनना है।

भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी, अराजकता फैलाने का प्रयास

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है। भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी हो रही है। वे सड़कों पर अराजकता पैदा कर गरीबों के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्व नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद के समर्थक हैं। आमजन को इनके दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है। देश में 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। जनधन योजना के माध्यम से 55 करोड़ लोगों के खाते खोले गए हैं। गरीबों को आवास, शौचालय और निशुल्क राशन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।

कांग्रेस-सपा के शासन में 1500 दंगे, भाजपा ने दिए 10 लाख युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल किस मुंह से नैतिकता की बात करते हैं। सपा सरकार में बेटियां स्कूल जाने और व्यापारी कारोबार करने से डरते थे। पर्व-त्योहारों के पहले दंगे और उपद्रव शुरू हो जाते थे। सपा ने चार बार सरकार बनाई और 1500 दंगे करवाए। प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की पहचान दी और 10 लाख गुंडे पाले।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी। ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’, ‘एक जिला-एक उत्पाद’ और ‘एक जिला-एक व्यंजन’ जैसी योजनाओं से रोजगार और विकास के नए अवसर तैयार किए। माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब कोई गरीब की जमीन पर कब्जा करने या बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस नहीं कर सकता।

पंडित नेहरू ने नहीं की चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी

चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इन क्रांतिकारियों की पैरवी नहीं की थी। पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए और उन्होंने पैरवी कर 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाने में सफलता हासिल की।

मुख्यमंत्री ने भगवान अहीर, नजर अली, कोमल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, अब्दुल्ला, श्याम सुंदर, महादेव सिंह, विक्रम अहीर, मेघू अली, कालीचरण, लौटू कुम्हार, रघुबीर सुनार, राम लखन, रामरूप, सहदेव, रुदई केवट, संपत अहीर, सीताराम और दुधई भर सहित चौरीचौरा के सभी अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने जाति और परिवार से ऊपर उठकर देश की आजादी के लिए बलिदान दिया। चौरीचौरा की घटना ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां ‘कलम आज उनकी जय बोल’ सुनाकर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा के बलिदानियों को सम्मान देना हमारा नैतिक दायित्व है। पंडित मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न देकर सरकार ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह सम्मान चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का भी सम्मान है।

भोपा बाजार ओवरब्रिज का नाम होगा शहीद स्मारक ओवरब्रिज

मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार में नवनिर्मित रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक पहचान को सम्मान मिलना चाहिए। ओवरब्रिज के निर्माण में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और विधायक सरवन निषाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर इसका निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा को दीपावली और छठ के अवसर पर विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई है। मार्ग निर्माण में मुआवजे पर विशेष धनराशि खर्च की गई, ताकि लोगों का आवागमन प्रभावित न हो।

व्यापारियों को भरोसा, बाजार पर नहीं आने देंगे संकट

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि बाजार और दुकानों पर कोई संकट नहीं आने दिया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार नक्शे में बदलाव कर दुकानों को बचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका कारोबार चलता है तो रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं।

उन्होंने तरकुलहा देवी मंदिर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बाबू बंधू सिंह ने अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं। उन्हें गोरखपुर में फांसी दी गई थी। मां तरकुलहा देवी के उपासक बंधू सिंह की स्मृतियां आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण और समेकित विकास के लिए सरकार ने धनराशि उपलब्ध कराई है।

गांव-गांव तक पहुंचा विकास, मंत्रियों ने गिनाईं उपलब्धियां

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर विकसित राज्य बनाने का काम हुआ है। पिछले 10 वर्षों में गांव-गांव तक विकास योजनाएं पहुंची हैं। भोपा बाजार में रेल ओवरब्रिज की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।

प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर तेजी से आगे बढ़कर देश का मॉडल प्रदेश बना है। विधायक सरवन निषाद ने कहा कि चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य विकास परियोजनाओं से लोगों का जीवन सुगम होगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, पूर्व राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चौरीचौरा को मिलीं 287.56 करोड़ की विकास परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कुल 84 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख रूप से:

लोकार्पित परियोजनाएं

– भोपा बाजार में समपार संख्या 147बी पर 59.44 करोड़ रुपये से रेल ओवरब्रिज।
– जगदीशपुर, सरैया ब्लॉक होते हुए देवरिया फोरलेन तक 24.84 करोड़ रुपये से सड़क चौड़ीकरण।
– चौरीचौरा अग्निशमन केंद्र के आवासीय और अनावासीय भवनों का 12.80 करोड़ रुपये से निर्माण।
– गोर्रा नदी के इटौवा तटबंध के पुनर्स्थापना कार्य पर 4.58 करोड़ रुपये।
– नेकवार बोहावार तटबंध के पुनर्स्थापना कार्य पर 3.55 करोड़ रुपये।
– राजधानी सिलहटा तटबंध पर सुरक्षा कार्य के लिए 3.09 करोड़ रुपये।
– राप्ती नदी के छितहरी थुन्नी तटबंध पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 2.09 करोड़ रुपये।
– राजधानी सिलहटा तटबंध पर कटाव निरोधक कार्य के लिए 5.94 करोड़ रुपये।
– जयरामकोल में कटाव निरोधक कार्य के लिए 5.77 करोड़ रुपये।

शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाएं

– चौरीचौरा-गौनर मार्ग से विशुनपुर, उसरहवा, विशम्भरपुर और रामपुर बुजुर्ग मार्ग के चौड़ीकरण पर 21.53 करोड़ रुपये।
– सोनबरसा से फुटहवा इनार होते हुए विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर 20.52 करोड़ रुपये।
– भोपा बाजार आरओबी से शहीद स्मारक होते हुए चौरीचौरा-गौनर मार्ग तक पहुंच मार्ग पर 20.56 करोड़ रुपये।
– तरकुलहा देवी मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण पर 17.67 करोड़ रुपये।
– राजधानी-बलुगट्टा संपर्क मार्ग के घुघली घाट पर पुल निर्माण के लिए 25.04 करोड़ रुपये।
– झंगहा थाने में 32 क्षमता वाले हास्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण पर 2.16 करोड़ रुपये।
– इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग पर फरेन नाले में लघु पुल निर्माण के लिए 4.51 करोड़ रुपये।
– तरकुलहा देवी मंदिर के समेकित विकास पर 1.92 करोड़ रुपये।
– ग्राम सथरी स्थित मंदिर के पर्यटन विकास पर 1.63 करोड़ रुपये।

समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा शहीद स्मारक पहुंचकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंच पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply