जनता दर्शन में सीएम योगी का भरोसा: इलाज के लिए धन की नहीं होगी कमी

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और किसी के साथ अन्याय न होने पाए।


राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिवारिक विवादों का समाधान पहले आपसी संवाद से कराने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद रोगियों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी जोर दिया।

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की तथा गोवंश को गुड़ खिलाया। उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Leave a Reply