Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कांग्रेस-सपा पर बोला हमला, कहा— झूठे नैरेटिव और साजिशों से सतर्क रहें कार्यकर्ता
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 की जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र है और जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा विपक्ष के “झूठे नैरेटिव” का तथ्यात्मक जवाब देने का आह्वान किया।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल समाज में भ्रम फैलाने और झूठा नैरेटिव गढ़ने की राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सत्य, विकास और लोककल्याण की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष अराजकता और समाज को बांटने का प्रयास करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी नौकरियों और योजनाओं पर “सैफई सिंडिकेट” का प्रभाव था। अब उनकी सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं, जिसमें न सिफारिश चली और न ही भ्रष्टाचार को जगह मिली।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस और सपा की कथित साजिशों और दुष्प्रचार से सतर्क रहना होगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना ही बूथ अध्यक्षों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” मंत्र को दोहराते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण की योजनाओं को बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। आज देश के 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। डीबीटी व्यवस्था से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी सम्मान दिया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्याचल धाम का विकास इसकी मिसाल हैं। गोरखपुर के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने शहर के सिक्सलेन फ्लाईओवर को बड़ी उपलब्धि बताया और गुरुवार को होने वाले इसके लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों की तुलना सीमा पर तैनात सैनिकों से करते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, उसी प्रकार बूथ अध्यक्ष लोकतंत्र और संगठन की मजबूती के प्रहरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
सम्मेलन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष तथा पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

