Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शास्त्री चौक पर एकत्र हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक व खींचतान भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम, वरिष्ठ नेता जियाउल इस्लाम समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सपा नेताओं का कहना था कि दिल्ली में अखिलेश यादव अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दों, जिनमें नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे भी शामिल थे, को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास के निकट पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके विरोध में प्रदेशभर के साथ गोरखपुर में भी सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।
शास्त्री चौक पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तीखी बहस होती रही। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से थाने भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए शास्त्री चौक क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया।
सपा नेताओं ने अखिलेश यादव की हिरासत को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है

