Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 31 जुलाई से गोरखपुर जंक्शन से दक्षिण भारत एवं ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए रवाना होगी। 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालु रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 31 जुलाई 2026 को सुबह नौ बजे गोरखपुर जंक्शन से प्रस्थान करेगी। यात्रियों के लिए गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी और ललितपुर स्टेशनों से भी चढ़ने-उतरने की सुविधा दी गई है।
यात्रा के दौरान ट्रेन रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी सहित दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचेगी। ट्रेन 11 अगस्त को रात 8:45 बजे वापस गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी।
14 एलएचबी कोच की होगी ट्रेन
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में कुल 14 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, जनरेटर सह लगेज यान के दो और पैंट्री कार का एक कोच शामिल होगा। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी के मैनेजर भी उपलब्ध रहेंगे।
यात्री टिकट की बुकिंग लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय या वेबसाइट www.irctctourism.com� से करा सकते हैं। रेलवे का कहना है कि भारत गौरव ट्रेनों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
