Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और लंबी दूरी की रेल सेवा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन अब नियमित अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15085/15086 का संचालन 28 अगस्त से शुरू होगा। गोरखपुर से ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
गोरखपुर से शाम छह बजे पहुंचेगी बांद्रा
15085 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह 7:50 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली होते हुए अगले दिन शाम 6:00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा टर्मिनस से चलकर तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
ट्रेन में 22 अमृत भारत कोच होंगे। इनमें 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, आठ शयनयान, एक पैंट्री कार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। इससे गोरखपुर और मुंबई के बीच यात्रियों को नियमित साप्ताहिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

टनकपुर-अछनेरा विशेष ट्रेन अब सप्ताह में पांच दिन एक्सप्रेस
रेल प्रशासन ने 05062/05061 टनकपुर-अछनेरा-टनकपुर विशेष ट्रेन को भी नियमित 15094/15093 टनकपुर-अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। इसका संचालन 31 अगस्त से सप्ताह में पांच दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को होगा। बुधवार और शनिवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा।
15094 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस सुबह 4:05 बजे टनकपुर से रवाना होकर बनबसा, खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, उझानी, सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज, सिकंदरा राव, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट और मथुरा जंक्शन होते हुए दोपहर 12:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी। वापसी में 15093 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर रात 11:45 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन में 17 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, आठ सामान्य द्वितीय श्रेणी, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, एक वातानुकूलित कुर्सीयान और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे।


