Estimated reading time: 1 minute
लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
बोले-पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार हो, जमीन पर कब्जा करने और कमजोरों को उजाड़ने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। सरकार प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनता की शिकायतों का निस्तारण शीघ्रता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में वह स्वयं एक-एक व्यक्ति तक पहुंचे। कुर्सियों पर बैठे लोगों से उनकी समस्या पूछी, प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आत्मीय संवाद से फरियादियों में भी भरोसा नजर आया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान की प्रभावी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कमजोरों को उजाड़ने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई
जनता दर्शन में जमीन से जुड़े कई मामले भी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए। कमजोर और गरीब लोगों को परेशान अथवा उजाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि हर व्यक्ति को न्याय मिले और किसी के साथ दबंगई या अन्याय न होने पाए।
इलाज के लिए मदद का दिया भरोसा
कई लोग गंभीर रोगों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनकर कहा कि इलाज के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित रोगियों के इलाज का इस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आर्थिक सहायता की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके।
जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों पर भी मुख्यमंत्री का स्नेह बरसा। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के बाद बच्चों को चॉकलेट भी दी।
भोलू का गुस्सा देख मुस्कुराए मुख्यमंत्री, गुड़-रोटी खिलाकर दुलारा
जनता दर्शन के साथ मुख्यमंत्री की गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक दिनचर्या भी जारी रही। रविवार सुबह उन्होंने मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। यहां भोलू नाम का नंदी कुछ रूठा-रूठा और गुस्से में नजर आया। मुख्यमंत्री ने उसे स्नेह से पुकारा और हाथ में गुड़-रोटी लेकर दुलारते हुए बोले, ‘कैसा हमेशा गुस्से में रहता है।’
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भोलू समेत गोशाला के अन्य गोवंश और गायों को अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई। कुछ देर तक गोसेवा करने के बाद वह मंदिर की अन्य नियमित गतिविधियों के लिए रवाना हुए।
