Estimated reading time: 1 minute
– मां का इलाज, बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठाई, डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ तत्काल दिलाने के दिए निर्देश
गोरखपुर। जिला अस्पताल से अपहरण के बाद 10 वर्षीय बालिका की हत्या की घटना के बाद गोरखपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पुलिसकर्मी एक दिन का वेतन परिवार को देंगे। वहीं, मां के इलाज, परिवार की सुरक्षा, राशन कार्ड, बच्चों की शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की जिम्मेदारी भी प्रशासन ने उठाई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी। साथ ही परिवार को इस कठिन समय में हर स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस विभाग के अनुसार जनपद के सभी पुलिसकर्मी, सिपाही से लेकर अधिकारी तक, एक दिन का वेतन पीड़ित परिवार की सहायता के लिए देंगे। परिवार की सुरक्षा की व्यवस्था भी पुलिस की ओर से की गई है।
घटना के बाद सदमे में आई बालिका की मां का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। उपचार का पूरा खर्च गोरखपुर पुलिस वहन करेगी। इसके साथ ही परिवार को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने रानी लक्ष्मी बाई योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का भी प्रयास शुरू किया है। आवास योजना के अंतर्गत परिवार को आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। परिवार का राशन कार्ड बनवाने और तीनों बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी पहल की गई है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता दोषी को कानून के अनुसार कठोर दंड दिलाने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना है।
