Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मांगलिक और सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बशारतपुर में कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। 3.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद करेंगे।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि वार्ड नंबर 80 राप्तीनगर के अंतर्गत 2593 वर्गमीटर भूमि पर कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है। दो तल में बने इस भवन को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित किया गया है।
भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला विशाल हाल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक अन्य हाल के साथ अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कल्याण मंडपम परिसर में मुख्य भवन के सामने आकर्षक फव्वारा बनाया गया है। वाहनों की सुविधा के लिए परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही परिसर में लॉन विकसित करने के साथ फूल-पौधे लगाकर इसे आकर्षक रूप दिया गया है।
कल्याण मंडपम के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को विवाह, तिलक, मुंडन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामूहिक आयोजनों के लिए किफायती दरों पर सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे जरूरतमंद परिवारों को निजी मैरिज हाउस की अपेक्षा कम खर्च में आयोजन करने की सुविधा मिलेगी।
महानगर में अब तक छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री कर चुके हैं। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं। बशारतपुर का कल्याण मंडपम इस सुविधा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

