चौरी चौरा की छह सड़कों का होगा कायाकल्प, 13.17 करोड़ रुपये मंजूर

Estimated reading time: 1 minute

14.55 किलोमीटर सड़कों के जीर्णोद्धार से हजारों लोगों को मिलेगी राहत
बंधे का निरीक्षण कर विधायक ने सड़क का किया लोकार्पण

चौरी चौरा(गोरखपुर)। चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। क्षेत्र की छह प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए शासन की ओर से 13 करोड़ 17 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 14.55 किलोमीटर है। सड़कों के कायाकल्प से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
चौरी चौरा विधायक ई. सरवन निषाद ने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कें लंबे समय से खराब थीं, जिससे ग्रामीणों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब स्वीकृत धनराशि से इन मार्गों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। सड़कें मजबूत होने के साथ ही आवागमन भी पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आवश्यकता के अनुसार अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
विधायक ने सड़क का लोकार्पण और बंधे का निरीक्षण किया
विधायक ई. सरवन निषाद ने खैरखुटा से डीहघाट बंधे तक निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा क्षेत्र में लगातार सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके।

इसके बाद विधायक ने राजधानी बंधे का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बंधे की सुरक्षा को देखते हुए एक सप्ताह के भीतर 60 से अधिक मजदूर लगाकर बोल्डर लगाने का कार्य कराया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की स्थिति देखी और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष संदीप मिश्रा, जिला मंत्री सुग्रीव तिवारी, रामप्रीत यादव, राजेश पाठक, सुभाष निषाद, राजकुमार निषाद, विनय गुप्ता, मोनू पासवान, राहुल कुमार, पंकज गौड़ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply