एम्स गोरखपुर में राष्ट्रभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर में शनिवार को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और उत्साह के बीच भव्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता, एसएम (सेवानिवृत्त) ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया। समारोह में चिकित्सक, अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी, कर्मचारी, रेजिडेंट्स और एमबीबीएस विद्यार्थी अपने परिवार के साथ शामिल हुए।
कार्यकारी निदेशक ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एम्स गोरखपुर ने बीते वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का माध्यम है। संस्थान में सुपरस्पेशलिटी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के रोगियों को अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि एम्स गोरखपुर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और उच्चस्तरीय शोध को भी बढ़ावा दे रहा है। आने वाले समय में संस्थान को क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूर के शहरों का रुख न करना पड़े।
युवाओं से कहा- बड़े सपने देखें, राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता ने कहा, “भारत का भविष्य यहां बैठा है। युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए, ईमानदारी और पूरी निष्ठा से मेहनत करनी चाहिए तथा यह सोचना चाहिए कि वे समाज और राष्ट्र के लिए क्या योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
डीन अकादमिक डॉ. महिमा मित्तल ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में एम्स के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान में उत्कृष्ट कार्य एवं योगदान के लिए विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
सर्वश्रेष्ठ विभाग का पुरस्कार कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन विभाग को मिला। सर्वश्रेष्ठ इंडोर वार्ड का पुरस्कार फीमेल सर्जिकल एवं ऑन्कोलॉजी वार्ड को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ पुरुष फैकल्टी का पुरस्कार डॉ. ब्रजनंदन और सर्वश्रेष्ठ महिला फैकल्टी का पुरस्कार डॉ. प्रेरणा चंद्रा को मिला। वहीं सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का पुरस्कार एमबीबीएस बैच 2025 की छात्रा स्मृति कुमारी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एमबीबीएस बैच 2025 के विद्यार्थी आकाशदीप और दिव्यता फरस्वान ने किया। समारोह के बाद चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, विद्यार्थियों, रेजिडेंट्स, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मिष्ठान एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया।
स्वास्थ्य केंद्रों में भी पहुंचा स्वतंत्रता दिवस का उत्साह
स्वतंत्रता दिवस समारोह की कड़ी में एम्स के कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी खास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर और शहरी स्वास्थ्य केंद्र झरना टोला का भ्रमण किया। वहां स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरित कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इस पहल के माध्यम से एम्स गोरखपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समुदाय से अपने जुड़ाव और जनसेवा की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति, विद्यार्थियों तथा संस्थान के विभिन्न विभागों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply