चंद्रशेखर आजाद ने गोरखपुर को लेकर सरकार को घेरा, बोले- पहले नेपाल जाते थे बिना पासपोर्ट, अब गोरखपुर ही बना दिया स्पेन

Estimated reading time: 1 minute

एम्स की व्यवस्था को लेकर भी साधा निशाना; बेरोजगारी और पेपर लीक को बताया युवाओं की बड़ी चिंता
गोरखपुर। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को गोरखपुर में सरकार पर अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में हमला बोला। एयरपोर्ट से शहर तक की व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सफाई और जलभराव पर सवाल खड़े किए। तंज कसते हुए कहा, “पहले सिर्फ नेपाल ऐसा देश था, जहां बिना पासपोर्ट के जाया जा सकता था, लेकिन अब गोरखपुर को ही स्पेन बना दिया गया है।”
एनेक्सी भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से शहर की ओर आते समय कई जगह गंदगी और जलभराव दिखाई दिया। उन्होंने इसे शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं का आईना बताते हुए सरकार से जवाब मांगा। उनका कहना था कि बड़े विकास कार्यों के दावों के बीच आम लोगों से जुड़े मूलभूत सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
एम्स की व्यवस्था पर भी सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने एम्स गोरखपुर को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संस्थान में छह गेट हैं, लेकिन आमतौर पर एक ही गेट खुला रहता है। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले इसी तरह की अव्यवस्था के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में रोगियों और उनके स्वजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बोले- नाम बदलने से नहीं बदलती तस्वीर
प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि केवल नाम बदलने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने बेरोजगारी और पेपर लीक को युवाओं से जुड़े अहम मुद्दे बताते हुए सरकार से इन पर गंभीरता से काम करने की बात कही।
उन्होंने स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने पर रोक के मुद्दे पर भी सवाल उठाया। कहा कि शिक्षा व्यवस्था की कमियां सामने आएंगी तभी उनमें सुधार किया जा सकेगा। वास्तविक स्थिति को सामने आने से रोकने के बजाय सरकार को सुधार की दिशा में काम करना चाहिए।
Gen Z आंदोलन पर शिक्षा को बताया बदलाव की ताकत
Gen Z आंदोलन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी टीम पिछले दस वर्षों से शिक्षा और सामाजिक बदलाव के लिए काम कर रही है। भीम आर्मी की पाठशालाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव की कोशिश लंबे समय से जारी है।
बूथ से शुरू होगी संगठन की तैयारी
इससे पहले एनेक्सी भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में चंद्रशेखर आजाद ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए लोगों को पार्टी से जोड़ने, गांव और मोहल्लों तक पहुंच बनाने तथा स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
आगामी विधानसभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जल्द निर्णय लेगा। हालांकि, कार्यकर्ताओं की बैठक के जरिए उन्होंने संगठन को चुनावी तैयारी में जुटने का स्पष्ट संदेश दिया।

Leave a Reply