Gorakhpur MSME Conclave: नंदी ने उद्यमियों को दिया भरोसा, बोले- मेरे रहते एक पाई का भी नुकसान नहीं होने दूंगा

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर में जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन के एमएसएमई कॉन्क्लेव में 250 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा, औद्योगिक विकास और उद्यमिता पर

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन के एमएसएमई कॉन्क्लेव में विस्तार से मंथन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने उद्यमियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “मेरे रहते आपकी एक पाई का भी नुकसान नहीं होने दूंगा।उनके इस आश्वासन से कॉन्क्लेव में मौजूद उद्यमियों में उत्साह दिखाई दिया।

 

जेसीआई सप्ताह के अंतिम और महत्वपूर्ण कार्यक्रम में 250 से अधिक उद्योगपति एवं उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम में महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव और अतुल सराफ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गीडा से राजू जायसवाल की भी उपस्थिति रही।

गोरखपुर के औद्योगिक विकास को बताया महत्वपूर्ण

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत कनेक्टिविटी, आधुनिक आधारभूत ढांचा और निवेश के अनुकूल वातावरण ने उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर के औद्योगिक परिदृश्य में तेजी से बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर के विकास के साथ ही उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। सरकार उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी गंभीरता से काम कर रही है।

छोटे कारोबार से बड़ी सफलता का दिया संदेश

नंदी ने अपने व्यावसायिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं और उद्यमियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों से अधिक जरूरी मेहनत, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प है। छोटे कारोबार से शुरुआत करने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत और सोच के बल पर बड़े मुकाम तक पहुंच सकता है।

उन्होंने उद्यमियों से समस्याओं से घबराने के बजाय उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकार करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि चुनौतियों के बीच रास्ता तलाशने और लगातार आगे बढ़ने की क्षमता ही उद्यमी को सफलता की ओर ले जाती है।

जेसीआई के सामाजिक कार्यों की सराहना

कैबिनेट मंत्री ने जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन की ओर से नेतृत्व विकास, समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और उद्यमिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से शहर के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूती मिलती है।

कॉन्क्लेव में प्रशिक्षक करमपाल सिंह और उज्ज्वल सिंह ने व्यवसाय प्रबंधन तथा नेतृत्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उद्यमियों को जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में व्यवसाय को आगे बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और बदलते कारोबारी वातावरण के अनुरूप स्वयं को तैयार करने पर चर्चा हुई।

पदाधिकारियों और सदस्यों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में संस्था के पूर्व अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, गौरव जिंदल, गौरव जालान, मोहित मित्तल और संकल्प जायसवाल मौजूद रहे। संस्था के अध्यक्ष जेसीपी सीए सौरभ अग्रवाल, सचिव किशन अग्रवाल, चेयरपर्सन तान्या जायसवाल, सचिव नेहा तेबरीवाल, संयोजक रौनक केजरीवाल और सौरभ जालान तथा सह-संयोजक अर्चना श्रीवास्तव और पूजा राज समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जेसी कृति गर्ग ने किया। जेसीआई सप्ताह के समापन कार्यक्रम में संस्था ने उद्यमिता, रोजगार और सामाजिक विकास के माध्यम से गोरखपुर के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका जारी रखने का संकल्प दोहराया।

उक्त जानकारी संस्था के जनसंपर्क अधिकारी एचजीएफ विकास स्वरूप ने दी।

Leave a Reply