Estimated reading time: 1 minute
जीडीए ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के किराए में की बड़ी कटौती, बड़े हाल की बुकिंग 4.13 लाख से घटकर 1.30 लाख रुपये
गोरखपुर। सार्वजनिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अब योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में कार्यक्रम करना काफी सस्ता होगा। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रेक्षागृह के किराए में भारी कटौती की है। बड़े प्रेक्षागृह की बुकिंग अब 4.13 लाख रुपये के बजाय 1.29 लाख रुपये में हो सकेगी। वहीं, छोटे प्रेक्षागृह का किराया 2.24 लाख रुपये से घटाकर महज 47,200 रुपये कर दिया गया है। किराए में बड़ी कमी से सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए यह भव्य मंच पहले की तुलना में अधिक सुलभ हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रामगढ़ताल क्षेत्र के सुरम्य वातावरण में करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कराया गया था। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री ने 21 मार्च 2021 को किया था। केंद्र में अलग-अलग क्षमता के दो प्रेक्षागृह हैं। बड़े प्रेक्षागृह में 1012 लोगों के बैठने की क्षमता है, जबकि छोटा प्रेक्षागृह 275 लोगों की क्षमता वाला है।
बड़े प्रेक्षागृह का किराया दो-तिहाई से अधिक घटा
अब तक बड़े प्रेक्षागृह की बुकिंग के लिए स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी समेत 4,13,000 रुपये देने पड़ते थे। जीडीए बोर्ड के नए निर्णय के बाद यही बुकिंग 1,29,800 रुपये में होगी। यानी आयोजकों को पहले की तुलना में करीब तीन लाख रुपये से अधिक की बचत होगी।
इसी तरह छोटे प्रेक्षागृह का किराया 2,24,200 रुपये से घटाकर 47,200 रुपये कर दिया गया है। इसमें विद्युत व्यय और जीएसटी भी शामिल हैं। इससे छोटे स्तर के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी प्रेक्षागृह का उपयोग आसान होगा।
जमानत राशि भी हुई कम
जीडीए ने केवल किराए में ही राहत नहीं दी है, बल्कि जमानत अग्रिम राशि में भी बड़ी कटौती की है। बड़े प्रेक्षागृह की जमानत राशि दो लाख से घटाकर 50 हजार रुपये और छोटे प्रेक्षागृह की जमानत राशि एक लाख से घटाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है।
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, प्रेक्षागृह के किराए को लेकर हुई बोर्ड बैठक में जनहित को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। किराया कम होने से आमजन और विभिन्न संगठनों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने में आर्थिक सहूलियत मिलेगी।
पहली बार प्रथम तल के दो हाल भी होंगे बुक
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र के प्रथम तल पर बने दो हाल अब तक किराए पर आवंटित नहीं किए जाते थे। जीडीए ने अब इन दोनों हाल को भी बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। प्रत्येक हाल का किराया 29,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी शामिल रहेगा।
इसके अलावा प्रेक्षागृह परिसर स्थित लॉन की बुकिंग के लिए 17,700 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
बुकिंग बढ़ने की उम्मीद
जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि किराए में कमी से प्रेक्षागृह की बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है। इससे आमजन, सामाजिक संस्थाओं, शैक्षिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों को कार्यक्रमों के लिए बेहतर मंच मिलेगा। साथ ही बुकिंग बढ़ने से प्रेक्षागृह के अनुरक्षण पर आने वाले व्यय का भार भी जीडीए पर अपेक्षाकृत कम होगा।
नए किराए एक नजर में
बड़ा प्रेक्षागृह (क्षमता 1012)
पहले किराया : 4,13,000 रुपये
अब किराया : 1,29,800 रुपये
छोटा प्रेक्षागृह (क्षमता 275)
पहले किराया : 2,24,200 रुपये
अब किराया : 47,200 रुपये
प्रथम तल का प्रत्येक हाल : 29,500 रुपये
प्रेक्षागृह परिसर का लॉन : 17,700 रुपये
