श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गोरखपुर में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 4 सितंबर शाम छह बजे से डायवर्जन

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, शहर के प्रमुख चौराहों से बदले जाएंगे रूट | रात दो बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन

गोरखपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। चार सितंबर की शाम छह बजे से पांच सितंबर की सुबह दो बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भारी वाहनों के साथ ही तीन पहिया व चार पहिया वाहनों के आवागमन में बदलाव रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

इन मार्गों पर लागू रहेगा डायवर्जन

1. टीपी नगर से शहर में प्रवेश पर रोक

टीपी नगर से कोई भी भारी वाहन बेतियाहाता अथवा नगर क्षेत्र की ओर प्रवेश नहीं कर सकेगा। नो-इंट्री खुलने के बाद वाहन फलमंडी और मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए गंतव्य की ओर जाएंगे।

2. रुस्तमपुर चौराहा से भारी वाहनों का प्रवेश बंद

रुस्तमपुर चौराहा से भारी वाहन नगर क्षेत्र में नहीं जा सकेंगे। नो-इंट्री खुलने के बाद मोहद्दीपुर चौराहा और टीपी नगर चौराहा होते हुए वाहन गंतव्य तक जाएंगे।

3. पैडलेगंज से छात्रसंघ भवन की ओर भारी वाहनों पर रोक

पैडलेगंज चौराहा से भारी वाहन छात्रसंघ भवन चौराहा अथवा नगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नो-इंट्री खुलने के बाद मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए आगे जाएंगे।

4. मोहद्दीपुर से विश्वविद्यालय चौराहा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद

मोहद्दीपुर चौराहा से भारी वाहन विश्वविद्यालय चौराहा अथवा नगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नो-इंट्री खुलने के बाद रुस्तमपुर चौराहा, फलमंडी चौराहा और टीपी नगर चौराहा होते हुए गंतव्य की ओर जाएंगे।

5. खजान्ची चौराहा से असुरन की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे

खजान्ची चौराहा से भारी वाहनों को असुरन चौराहा अथवा नगर क्षेत्र की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। नो-इंट्री खुलने के बाद असुरन चौराहा और मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए वाहन आगे जाएंगे।

6. कूड़ाघाट से मोहद्दीपुर की ओर भारी वाहनों पर रोक

कूड़ाघाट चौराहा से भारी वाहन मोहद्दीपुर चौराहा अथवा नगर क्षेत्र की ओर नहीं जा सकेंगे। नो-इंट्री खुलने के बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

7. महुआतर से गोरखनाथ मंदिर की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे

महुआतर तिराहे से किसी भी भारी वाहन को गोरखनाथ मंदिर की ओर नहीं आने दिया जाएगा। नो-इंट्री खुलने के बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

8. कचहरी चौराहा से गोलघर की ओर तीन व चार पहिया वाहनों का रूट बदलेगा

कचहरी चौराहा से तीन पहिया और चार पहिया वाहन गोलघर चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को हरिओमनगर तिराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

9. कालीमंदिर तिराहा से पुलिस लाइन की ओर रूट डायवर्ट

कालीमंदिर तिराहा से तीन पहिया और चार पहिया वाहन पुलिस लाइन तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें गणेश चौराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

10. यातायात कार्यालय तिराहा से भारी वाहनों की आवाजाही बंद

यातायात कार्यालय तिराहा से पुलिस लाइन और गोलघर की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें महाराणा प्रताप तिराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा।

11. असुरन से कालीमंदिर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद

असुरन चौराहा से कालीमंदिर तिराहा की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को कौवाबाग तिराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

रात दो बजे खुलेगी नो-इंट्री

जन्माष्टमी के मद्देनजर चार सितंबर की रात भारी वाहनों के लिए रोजाना खुलने वाली नो-इंट्री के समय में भी बदलाव किया गया है। सामान्य तौर पर रात 10 बजे खुलने वाली नो-इंट्री चार सितंबर की रात नहीं खुलेगी। पांच सितंबर की सुबह दो बजे से भारी वाहनों के आवागमन के लिए नो-इंट्री खोली जाएगी।

यातायात पुलिस ने पर्व के दौरान शहर में आने-जाने वाले लोगों से डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply