गोरखपुर में पुराने बदमाशों का डोजियर अपडेट, बैंक खातों का ब्योरा मांगते ही बढ़ी बेचैनी

IMG_20261109_090301

Estimated reading time: 1 minute

आधार-पैन कार्ड के साथ पासबुक भी मांग रही पुलिस, अपराध छोड़ने और रोजगार से जुड़ने के सबूत दिखा रहे पुराने अपराधी; आर्थिक गतिविधियों पर भी रहेगी नजर

गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस ने पुराने अपराधियों पर निगरानी का शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वर्षों पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को नए सिरे से खंगालकर डोजियर अपडेट किया जा रहा है। इस बार पुलिस सिर्फ अपराधियों के मुकदमों और आपराधिक इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी वर्तमान पहचान, रोजगार, कारोबार और आर्थिक गतिविधियों का भी ब्योरा जुटा रही है। पुलिसकर्मी जब पुराने बदमाशों के घर पहुंचकर आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ बैंक पासबुक मांग रहे हैं तो कई लोगों की बेचैनी बढ़ जा रही है। बैंक खातों की जानकारी देने की बात आते ही कुछ लोग असहज हो रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई का असर यह है कि पूर्व में आपराधिक मामलों में जेल जा चुके कुछ लोग अब अपनी बदली हुई जिंदगी का हिसाब देने लगे हैं। कोई नौकरी करने की बात बता रहा है तो कोई कारोबार से जुड़ने का प्रमाण दे रहा है। कुछ लोग तो पुलिसकर्मियों को ऑटो चलाते या दुकान पर काम करते हुए अपनी तस्वीरें तक दिखा रहे हैं। उनका प्रयास है कि पुलिस के रिकॉर्ड में उनकी पहचान अब अपराधी के बजाय रोजगार से जुड़े व्यक्ति के रूप में दर्ज हो।

बैंक खाते का ब्योरा मांगते ही सताने लगी जमा पूंजी की चिंता

डोजियर अपडेट करने के लिए पुलिस आधार और पैन कार्ड के साथ बैंक खातों का विवरण भी जुटा रही है। इसी बात ने पुराने अपराधियों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें आशंका है कि कहीं उनके बैंक खातों में जमा रकम की जांच न शुरू हो जाए और उसे अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर खाता सीज करने की कार्रवाई न कर दी जाए। हालांकि, बैंक खातों की जानकारी जुटाने का पुलिस का उद्देश्य अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों का रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे उनकी वर्तमान आर्थिक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।

वर्ष 2019 के बाद अब नए सिरे से तैयार हो रहा डोजियर

जिले में वर्ष 2019 के बाद अपराधियों का डोजियर व्यापक स्तर पर नए सिरे से अपडेट नहीं किया गया था। पुराने रिकॉर्ड में कई अपराधियों की मौजूदा स्थिति, पेशे और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध नहीं थीं। इसे देखते हुए एसएसपी डा. कौस्तुभ ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को दुरुस्त कर डोजियर तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो थानों से समन्वय स्थापित कर यह काम करा रही है। पुलिसकर्मी अपराधियों के घर पहुंचकर उनकी पहचान, वर्तमान गतिविधियों, रोजगार और आर्थिक स्थिति से संबंधित दस्तावेज जुटा रहे हैं।

अपराध के साथ कमाई के स्रोत का भी बनेगा रिकॉर्ड

नए डोजियर में अपराधियों के पुराने मुकदमों, गिरफ्तारी और आपराधिक गतिविधियों के साथ उनकी वर्तमान पहचान, पेशा, कारोबार और बैंक खातों का विवरण भी शामिल किया जाएगा। इससे पुलिस को अपराधियों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखने में सहूलियत होगी। आर्थिक गतिविधियों का रिकॉर्ड उपलब्ध होने से जरूरत पड़ने पर वित्तीय जांच को आगे बढ़ाने में भी मदद मिल सकेगी।

पुराने बदमाशों का नए सिरे से डोजियर तैयार किया जा रहा है। एक-एक अपराधी का अद्यतन डेटा जुटाया जा रहा है, ताकि उनकी नियमित निगरानी आसान हो सके।
डा. कौस्तुभ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

Leave a Reply