Estimated reading time: 1 minute
अयोध्या की विरासत और विकास यात्रा रोकने में विफल विपक्ष कर रहा दुष्प्रचार : मुख्यमंत्री; गोरखपुर को 82.41 करोड़ की 52 परियोजनाओं की सौगात, नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की दी चेतावनी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या की विरासत और विकास की यात्रा से घबराकर सपा और कांग्रेस के लोग अब उसके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्हें मालूम है कि विरासत और विकास का यह प्रवाह इसी मजबूती से आगे बढ़ता रहा तो उनकी राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। प्रदेश की पहचान का संकट खड़ा करने वाले दलों के सामने अब खुद पहचान का संकट खड़ा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार दूसरों का जीवन बर्बाद करने वाले नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देगी।
मुख्यमंत्री रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने लगातार दसवीं बार वनटांगिया समुदाय के बीच दीपपर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों, इको टूरिज्म और वैश्विक नगर बाजार से जुड़ी 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की 26 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

अयोध्या में दीपोत्सव संपन्न कराने के बाद वनटांगिया गांव पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनसमूह को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सब कुछ संभव है, बस उसके लिए इच्छाशक्ति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था। रामभक्तों पर लाठी-गोली चलती थी। विपक्ष के लोग कहते थे कि राम हुए ही नहीं और अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। राम मंदिर के विरोध में पूरी ताकत लगाई जाती थी। आज वही लोग अयोध्या के विकास और विरासत को बदनाम करने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों ने गति पकड़ी। सड़कें बनीं, बिजली पहुंची, एयरपोर्ट का निर्माण हुआ और रेलवे की नई लाइनें बिछाई जा रही हैं। जनता को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देंगे
मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्व की खुशियां साझा करने और नशे व जुआ जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण बनता है और जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है। इन दोनों कुप्रवृत्तियों से अच्छे-खासे परिवार बिखर जाते हैं। प्रदेश सरकार माफिया उन्मूलन के बाद अब नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा, जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उन्हें आबाद नहीं होने देंगे।
युवाओं से मुख्यमंत्री ने अच्छी पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि नौकरी और रोजगार की गारंटी भाजपा की डबल इंजन सरकार लेगी। किसानों से अच्छी उपज पैदा करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से उनकी उपज का कई गुना अधिक मूल्य दिलाने का प्रयास करेगी।
अंग्रेजों के बाद कांग्रेस-सपा ने भी वनटांगियों की सुध नहीं ली
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौट आए थे, लेकिन वनटांगिया समुदाय को पहले अंग्रेजों और फिर कांग्रेस व सपा की सरकारों ने सौ वर्षों से अधिक समय तक जंगलों में भटकने और दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया था। उत्तर प्रदेश में 56 वनटांगिया गांव थे, जिनकी कोई सुध लेने वाला नहीं था। देश 1947 में आजाद हो गया, लेकिन इन वन्य गांवों को आजादी का लाभ नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि पहले इन गांवों के लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे। न सड़क थी, न बिजली, न पेयजल, न राशन कार्ड, न स्कूल और न चिकित्सालय। पेंशन की सुविधा तक नहीं थी और किसी के पास पक्का मकान भी नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों के लोग अति पिछड़े, वंचित और दलित परिवारों से जुड़े थे। उन्हें पहले भी सुविधाएं दी जा सकती थीं, लेकिन इसके लिए इच्छाशक्ति की जरूरत थी। जिन्होंने केवल अपने परिवार के बारे में सोचा, उनसे गरीबों और वंचितों के कल्याण की उम्मीद करना दिवास्वप्न है।
वनटांगिया गांवों में अब जंगल में मंगल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद हुए विकास कार्यों से आज वनटांगिया गांवों में जंगल में मंगल है। वह 2007-08 से लगातार यहां आ रहे हैं और पिछले दस वर्षों से मुख्यमंत्री के रूप में अयोध्या के बाद वनटांगिया समुदाय के बीच दीपावली मनाने पहुंचते हैं।
उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए 2017 से पहले और बाद की स्थिति का अंतर समझाया। पूछा कि पहले पक्की सड़क, स्कूल, बिजली और पेयजल की सुविधा थी या नहीं। लोगों ने जवाब दिया कि ये सुविधाएं नहीं थीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड, पक्का मकान, स्कूल और आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता के बारे में पूछा तो लोगों ने हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पहले बच्चे ढिबरी की रोशनी में पढ़ने को मजबूर थे, लेकिन आज बिजली, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए और सपा-कांग्रेस के पीडीए में यही अंतर है। उनका हर जवाब ना में होता है और हमारा हर जवाब हां में। उन्होंने कहा कि एक दल के लिए गांधी-नेहरू परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ है, जबकि उनके लिए प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार है। इसमें जाति, क्षेत्र, गांव, शहर, गरीब-अमीर का कोई भेद नहीं है। निषाद, दलित, राजभर और चौहान सहित सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
वनवास समाप्त होने पर आता है रामराज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों के लोग पहले मतदान और अपनी पंचायत चुनने के अधिकार से भी वंचित थे। मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण वे किसी दल का वोट बैंक भी नहीं थे। भाजपा सरकार ने 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देकर उन्हें सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा।
उन्होंने समुदाय के लोगों से कहा कि अपने संघर्ष से सुविधा तक के इतिहास को संजोकर रखें और नई पीढ़ी को भी इसके बारे में बताएं। उन्हें याद दिलाएं कि पहले उनके पास क्या सुविधाएं नहीं थीं और अब किस तरह आवास, जमीन, बिजली तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य तब आता है, जब वनवास का कालखंड समाप्त होता है। आज वनटांगिया गांवों में वही स्थिति है। उनके बीच दीपावली मनाने का उद्देश्य इसी खुशी को साझा करना है।
उन्होंने कहा कि उनके लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है। भगवान राम के भक्त होने के नाते हर वनवासी, गिरवासी, वंचित और दलित को अपना मानकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही राष्ट्रसेवा है। हर परिस्थिति में सरकार लोगों के साथ खड़ी है।
योगी को मुख्यमंत्री पाकर धन्य हुई यूपी की धरती : रविकिशन
कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में पाकर उत्तर प्रदेश की धरती धन्य हुई है। योगी सरकार बनने से पहले प्रदेश में न सुरक्षा थी, न रोजगार, न इलाज की सुविधा और न ही अच्छी सड़कें थीं। आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन करने जाने से पहले उन्हें सपा शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। सांसद ने वनटांगिया समुदाय के साथ मुख्यमंत्री के आत्मीय जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
82.41 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की 26 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। प्रमुख शिलान्यास परियोजनाओं में तीन करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये से रजही चौराहे से जंगल तिनकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा कुसम्ही जंगल में चार करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से इको पार्क और पिपराइच नगर पंचायत में एक करोड़ 95 लाख 51 हजार रुपये से वैश्विक नगर बाजार का निर्माण कराया जाना है।
लाभार्थियों को उपहार और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को दीपावली का उपहार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उद्यान विभाग की ओर से वनटांगिया गांव के राममिलन, वंशू, हिन्द देवी और कूटुरी को सम्मानित किया गया। कृषि यंत्रीकरण एवं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के लाभार्थी पिपराइच के इंद्रजीत और जंगल कौड़िया के कौशल किशोर को 1.20-1.20 लाख रुपये का अनुदान मिला।
उद्योग विभाग की टूल किट योजना के तहत हलवाई ट्रेड के संजू साहनी और सुमन देवी को सम्मानित किया गया। आयुष्मान योजना के लाभार्थी सुभावती, गोलू, चंदा, रामप्रीत, जितेंद्र और अमन को भी सम्मान मिला। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी गंगोत्री, चंपा, अनु और सुलोचना को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इसके अलावा वनटांगिया बस्तियों के मुखिया रामगणेश, रामदयाल, बलराम, विश्वम्भर, परमात्मा और जयराम को सम्मानित किया।
स्टालों का अवलोकन, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर वन, कृषि, उद्यान, महिला कल्याण, बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य, एक जिला एक उत्पाद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण और खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों से योजनाओं की जानकारी ली।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टाल पर मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें दुलारा। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें उपहार भी दिए।
दीप प्रज्ज्वलित कर शुरू किया दीपोत्सव
स्टालों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री गांव के भ्रमण पर निकले। सबसे पहले वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे। घर के बाहर सजाई गई रंगोली के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर उन्होंने गांव में दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान बुजुर्ग महिला लक्ष्मीना देवी को दीपावली का उपहार भेंट किया। इसके बाद गांव में लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीय संवाद किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, संजीव राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्र पंचायत प्रशासक वंदना सिंह और रणविजय सिंह मुन्ना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
