Estimated reading time: 1 minute
गोली से आंतों में हुए चार छेद, गुर्दे के पास भी हो रहा था रक्तस्राव; डा. शिवशंकर शाही ने किया जटिल ऑपरेशन
गोरखपुर। दीपावली के दिन जब घरों में पूजा-अर्चना और दीपोत्सव की तैयारियां चल रही थीं, उसी समय एक चिकित्सक ने अपने पेशे के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए एक परिवार का चिराग बुझने से बचा लिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय युवक को अस्पताल पहुंचाया गया तो उसकी हालत बेहद नाजुक थी। पेट में गोली लगने से आंतों में चार जगह छेद हो गए थे और गुर्दे के पास भी रक्तस्राव हो रहा था। ऐसे में शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ सर्जन डा. शिवशंकर शाही ने दीपावली की पूजा बीच में छोड़कर तत्काल ऑपरेशन शुरू किया। जटिल शल्यक्रिया के बाद युवक की जान बचाने में चिकित्सकीय टीम को सफलता मिली।
देवरिया के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामगुलाम टोला निवासी नीरज सिंह के 27 वर्षीय पुत्र देव सिंह को दीपावली के दिन पूर्वाह्न करीब 11 बजे गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्वजन उन्हें तारामंडल स्थित शाही ग्लोबल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। पेट के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी।
अस्पताल के निदेशक डा. शिवशंकर शाही उस समय दीपावली की पूजा कर रहे थे। युवक की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही उन्होंने पूजा बीच में छोड़ दी और चिकित्सकीय टीम के साथ आपातकालीन ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी। बिना समय गंवाए युवक को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।
डा. शाही के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान पेट के भीतर गोली से हुई गंभीर क्षति सामने आई। बड़ी आंत के ट्रांसवर्स कोलन में दो और सीकम में दो छेद हो गए थे। इसके अलावा गुर्दे के पास भी रक्तस्राव हो रहा था। चिकित्सकीय टीम ने पहले रक्तस्राव नियंत्रित किया और फिर क्षतिग्रस्त आंतों की जटिल शल्यक्रिया की। चोटों की गंभीरता को देखते हुए मल निकासी के लिए अस्थायी वैकल्पिक मार्ग (स्टोमा) भी बनाना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद जीवनरक्षक ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
इस अनुभव को साझा करते हुए डा. शाही ने कहा कि जिस समय हजारों घरों में दीपावली की पूजा हो रही थी, उस समय उन्हें एक परिवार के बुझते चिराग को बचाने का अवसर मिला। किसी मां की गोद सूनी होने से बचाना और किसी परिवार की उम्मीदों को जीवित रखना ही चिकित्सक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन के प्रति निरंतर उत्तरदायित्व है। आपातकाल न त्योहार देखता है और न ही समय। ऐसे में चिकित्सक का पहला दायित्व रोगी की जान बचाना है।
