Gorakhpur Air Pollution: दीपावली के बाद बिगड़ी गोरखपुर की हवा, तीन दिन में 69% तक बढ़ा AQI

Videoshot_20261110_183216

Estimated reading time: 1 minute

Gorakhpur AQI: गीडा में 274 और गोलघर में 209 पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक; आतिशबाजी के बाद लगातार बढ़ा वायु प्रदूषण, दमा रोगियों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

गोरखपुर। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर अब गोरखपुर की हवा पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और सूक्ष्म कणों के कारण शहर में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। आठ से 10 नवंबर के बीच महज तीन दिनों में तीन निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) में 51 से 69 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई। गोलघर में एक्यूआइ 124 से बढ़कर 209 पहुंच गया, जबकि गीडा में 274 दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

गोरखपुर में तीन दिन में कितना बढ़ा AQI

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आवासीय क्षेत्र में आठ नवंबर को एक्यूआइ 89 दर्ज किया गया था। नौ नवंबर को यह बढ़कर 129 और 10 नवंबर को 134 पहुंच गया। इस तरह तीन दिनों में 45 अंक यानी करीब 51 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

गीडा स्थित इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड के निगरानी केंद्र पर आठ नवंबर को एक्यूआइ 178 था। नौ नवंबर को यह बढ़कर 262 और 10 नवंबर को 274 पहुंच गया। यहां तीन दिनों में 96 अंक यानी करीब 54 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

गोलघर स्थित जलकल भवन के निगरानी केंद्र पर आठ नवंबर को एक्यूआइ 124 था। नौ नवंबर को यह 188 और 10 नवंबर को 209 हो गया। इस तरह तीन दिनों में 85 अंक यानी करीब 69 प्रतिशत की वृद्धि हुई। तीनों निगरानी केंद्रों के आंकड़े बताते हैं कि नौ नवंबर को प्रदूषण में तेजी से उछाल आया और 10 नवंबर को भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

गीडा और गोलघर की हवा खराब श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के वायु गुणवत्ता सूचकांक के मानकों के अनुसार शून्य से 50 तक एक्यूआइ अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

इस मानक के अनुसार 10 नवंबर को एमएमयूटी का एक्यूआइ 134 होने से वहां की हवा मध्यम श्रेणी में रही। वहीं गोलघर का 209 और गीडा का 274 एक्यूआइ खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। खराब श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहने से सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है। इसका असर विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस अथवा हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है।

वायु प्रदूषण बढ़ने पर दमा रोगी बरतें सावधानी

जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. बीके सुमन के अनुसार, वायु गुणवत्ता खराब होने पर दमा, अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे रोगी अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क लगाएं। बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाना चाहिए।
प्रदूषण बढ़ने पर सुबह और शाम बाहर दौड़ने, टहलने और खुले स्थानों पर व्यायाम करने से परहेज करना बेहतर है। घर में धूल और धुएं को जमा न होने दें। धूमपान और कूड़ा जलाने से भी बचें। सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, सीने में जकड़न या आंखों में जलन होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें। दमा के रोगी अपनी निर्धारित दवाएं और इन्हेलर नियमित रूप से लेते रहें।

Leave a Reply