माड़ापार के दंगल में धर्मेंद्र चौहान समेत चार पहलवान बने चैंपियन

IMG_20261110_145959

Estimated reading time: 1 minute

120 साल पुरानी परंपरा में प्रदेशभर के पहलवानों ने दिखाया दमखम, चार भारवर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले; विजेताओं को मिले 20-20 हजार रुपये

जगदीशपुर (गोरखपुर)। चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम माड़ापार में 120 वर्षों से चली आ रही प्रदेश स्तरीय प्राइजमनी कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपनी ताकत और दांव-पेच का प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के बीच चार भारवर्गों में मुकाबले हुए। इसमें धर्मेंद्र चौहान, सौरभ, जनार्दन यादव और अनुज यादव ने अपने-अपने भारवर्ग में जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

मिट्टी के अखाड़े में आयोजित प्रतियोगिता के सभी मुकाबले अंकों के आधार पर कराए गए। 50 से 61 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में अनुज यादव कृष्णानगर ने गोरखपुर छात्रावास के आदित्य यादव को हराकर पहला स्थान हासिल किया। आदित्य यादव दूसरे स्थान पर रहे।

62 से 74 किलोग्राम भारवर्ग में जनार्दन यादव कृष्णानगर और संतकबीरनगर के आशीष यादव के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें जनार्दन यादव ने जीत दर्ज कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आशीष यादव दूसरे स्थान पर रहे।

75 से 86 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में गोरखपुर छात्रावास के सौरभ और नंदानगर के आशीष के बीच भिड़ंत हुई। इसमें सौरभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आशीष को पटखनी देकर खिताब अपने नाम किया।

86 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में कृष्णानगर के धर्मेंद्र चौहान और रेलवे स्टेडियम के वीरेश कुंडू के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें धर्मेंद्र चौहान विजेता बने, जबकि वीरेश कुंडू को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को 20-20 हजार रुपये और द्वितीय स्थान पाने वालों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं तीसरे स्थान पर रहने वाले दो पहलवानों को पांच-पांच हजार रुपये दिए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पराजित पहलवानों को भी प्रत्येक चक्र में 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पूर्वांचल की मिट्टी में काफी दम है। यहां से निकले पहलवानों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि 120 वर्षों से चली आ रही परंपरा को जीवंत बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बेचन राम, पूर्व राज्यमंत्री एवं सपा के वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी अजय कुमार सिंह टप्पू ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर कुश्ती के आयोजक एवं कुश्ती संघ कुशीनगर के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह दीपू, भारतीय कुश्ती संघ के कोच चंदविजय सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, राजीव प्रताप सिंह, सतीश शाही, नवरत्न तिवारी, जनार्दन यादव, पन्नेलाल यादव, पलटू यादव, पुष्पराज सिंह, तामेश्वर पासवान, हरिलाल पासवान सहित दंगल कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply