गोरखपुर के परमेश्वरपुर में 3.63 करोड़ रुपये से बनेगा भव्य बारात घर, विधायक महेंद्र पाल सिंह ने किया शिलान्यास

IMG_20261110_090705

Estimated reading time: 1 minute

### परमेश्वरपुर में 3.63 करोड़ से बनेगा बारात घर

विधायक महेंद्र पाल सिंह ने किया शिलान्यास, शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

सरहरी (गोरखपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ग्रामसभा परमेश्वरपुर में 3.63 करोड़ रुपये की लागत से भव्य बारात घर का निर्माण कराया जाएगा। पंचायती राज विभाग के 14वें वित्त आयोग की परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 में स्वीकृत इस परियोजना का पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास किया।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा में विधायक ने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। परमेश्वरपुर में बनने वाला बारात घर ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा साबित होगा। इसके निर्माण से लोगों को शादी-विवाह, मांगलिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्हें ऐसे आयोजनों के लिए दूर-दराज के स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनका संकल्प और क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है।

शिलान्यास कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भरोहिया संजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य संगीता पासवान, ग्राम प्रधान परमेश्वरपुर धर्मेंद्र पासवान, ग्राम प्रधान महाराजगंज अरविंद सिंह, ग्राम प्रधान रामपुर गोपालपुर सिद्धांत सिंह, ग्राम प्रधान बैजनाथपुर छत्रसाल यादव, किसान मोर्चा के जिला मंत्री अरविंद सिंह, युवा मोर्चा के जिला मंत्री विकास पांडेय, मंडल अध्यक्ष रामनरेश निषाद, मंडल उपाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply