Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे एसटीएफ गोरखपुर यूनिट के प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह को सूचना मिली कि आजमगढ़ का वांछित अपराधी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू रामनगर करजहा से कुशीनगर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने जब बदमाश को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में पुलिस के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक .32 बोर की पिस्टल, एक मोटरसाइकिल और बड़ी संख्या में खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
हत्या समेत कई गंभीर मामलों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, मृतक बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन, निवासी खुन्दनपुर, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और पुलिस हिरासत से फरार होने जैसे गंभीर मामलों में कुल 10 मुकदमे दर्ज थे।
वह वर्ष 2011 से कई मामलों में फरार चल रहा था। वर्ष 2021 में थाना मेहनगर में दर्ज हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ आजमगढ़ के मेहनगर थाने सहित महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण क्षेत्र में भी मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस ने बरामद किए हथियार और कारतूस
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से पिस्टल, मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कराई।

















Leave a Reply