पूर्व छात्रों ने नवोदय विद्यालय को दी नई पहचान नवनिर्मित कक्ष का लोकार्पण

Estimated reading time: 1 minute

– विद्यार्थियों का अपनी मातृसंस्था के विकास के लिए आगे आना अत्यंत प्रेरणादायी: प्राचार्य एसके सक्सेना

– 1993-2000 बैच की पहल बनी मिसाल, पूर्व छात्रों के सहयोग से मजबूत हुआ विद्यालय का शैक्षणिक ढांचा


गोरखपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय, पीपीगंज में रविवार को पूर्व छात्रों ने अपनी मातृसंस्था के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। विद्यालय के 1993-2000 बैच के पूर्व छात्रों के सहयोग से निर्मित नए कक्षा कक्ष का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व छात्र संगठन ‘स्वाभिमान बीइंग अ नवोदयन’ के तत्वावधान में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, वर्तमान विद्यार्थियों और विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह में प्राचार्य एसके सक्सेना, उप-प्राचार्य आरबी पांडेय, शिक्षक गौरवनाथ शुक्ल एवं उदय नाथ यादव सहित सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। 1993-2000 बैच के अविनाश मिश्रा, अविनेश सिंह, रवि चंद, डॉ. टीपू सुल्तान, डॉ. अमित चौधरी, राम ईश्वर, सुरेंद्र, दयानंद, आशीष, रंजीत, ममता त्रिपाठी, राकेश, बृजेश, सविता, प्रतिमा, सुधा, रमेश सहित अनेक पूर्व छात्र कार्यक्रम में शामिल हुए। अन्य बैचों के मनीष, अजितेश, अफरोज और संजय गोयल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

लोकार्पण के बाद प्राचार्य एसके सक्सेना ने नव-निर्मित कक्षा कक्ष का निरीक्षण किया और पूर्व छात्रों के इस योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय से वर्षों पहले निकले विद्यार्थियों का अपनी मातृसंस्था के विकास के लिए आगे आना अत्यंत प्रेरणादायी है। यह पहल न केवल विद्यालय के शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करेगी, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों में भी अपने विद्यालय के प्रति जुड़ाव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने विद्यालय से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा किया। इसके साथ ही भविष्य में भी विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए ऐसे रचनात्मक प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply