Estimated reading time: 0 minutes
गोरखपुर। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को वीएसएवी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में गोरखपुर, बस्ती व आजमगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी डॉ. मदन राम ने अस्मिता चंद को चिल्लूपार से पार्टी का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और चुनावी तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया।
डॉ. मदन राम ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने अस्मिता चंद को आशीर्वाद देकर चिल्लूपार की जिम्मेदारी सौंपी है। अब कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर उन्हें 2027 में विधायक बनाकर विधानसभा भेजने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से समाज के सभी वर्ग परेशान हैं और लोगों की निगाहें अब बसपा की ओर हैं। बसपा शासनकाल में सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर सभी वर्गों के हित में काम किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ, सेक्टर और विधानसभा कमेटियों को सक्रिय करते हुए भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।
‘22 साल जनता की सेवा की, अब मिला सम्मान’
प्रभारी/ प्रत्याशी अस्मिता चंद ने कहा कि उन्होंने 22 वर्षों तक जनता के बीच रहकर सेवा की है। भाजपा में लंबे समय तक रहने के बावजूद उन्हें वह सम्मान और स्थान नहीं मिला, जिसकी वह हकदार थीं। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने उन पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी दी है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। चिल्लूपार की जनता ने आशीर्वाद देकर विधानसभा पहुंचाया तो क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ के प्रति उन्होंने हृदय से आभार जताया।
संगठन की मजबूती पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल संयोजक हरि प्रकाश निषाद ने की। उन्होंने कहा कि अस्मिता चंद को बसपा का आशीर्वाद मिलने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने कहा कि 2027 में भारी मतों से जीत दिलाकर बसपा प्रमुख मायावती के हाथ मजबूत करने होंगे। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. इंदु चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य मंडल प्रभारी सुरेश कुमार गौतम, लोकसभा प्रत्याशी जावेद सिमनानी, अमरचंद दुबे और असगर अली ने भी संबोधित किया। जिला अध्यक्ष जयकार प्रसाद ने सम्मेलन की सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव परमेश्वर शर्मा उर्फ छोटू सहारा ने किया।
सम्मेलन में जोन प्रभारी ऋषि कपूर, घनश्याम, संतोष कुमार जिज्ञासु, विजय कुमार, ओम नारायण पांडेय, प्रदीप निषाद, भवनाथ राई, राजू गुप्ता, योगेंद्र बौद्ध, रंजीत जायसवाल, जेलर शाही, दिलीप कुमार, रामू प्रसाद, मन्नू लाल, हरिलाल फौजी, बृजेश कुमार एडवोकेट व रजनीश कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। मिशन गायक निरमा भारती, किशोर कुमार पगला और राजकुमार पगला ने मिशन गीतों की प्रस्तुति देकर सम्मेलन में जोश भर दिया।

