शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 81 शिक्षक होंगे सम्मानित गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देंगे राज्य और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 81 शिक्षक अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में चयनित शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार-2025 प्रदान करेंगे। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षकों का चयन विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया है। चयनित शिक्षकों में 33 शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग की 31 और माध्यमिक शिक्षा विभाग की दो शिक्षिकाएं हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के चयनित 20 शिक्षकों में पांच को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा सम्मानित शिक्षकों को आजीवन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में प्रतिवर्ष 4000 किलोमीटर तक निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु भी दो वर्ष बढ़ाई जाएगी।
गोरखपुर के दो शिक्षक भी सूची में
पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों में गोरखपुर के नवीन कुमार त्रिपाठी, सहायक अध्यापक, पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय उनवल प्रथम, बांसगांव को बेसिक शिक्षा विभाग का राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग से महेश्वर प्रसाद त्रिपाठी, भाषा अध्यापक, एलपीके इंटर कॉलेज, बसडीला, सरदार नगर का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए हुआ है।
होटलों में ठहरेंगे चयनित शिक्षक
प्रदेश के विभिन्न जिलों से गोरखपुर पहुंचने वाले सभी चयनित शिक्षकों के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें विशिष्ट अतिथि की तरह ससम्मान होटलों में ठहराया जाएगा। शिक्षक दिवस समारोह में प्रदेशभर से आने वाले शिक्षक मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply