Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार की रात भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव पारंपरिक श्रद्धा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य रात्रि गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद उन्होंने बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को फूलों से सजे पालने में झुलाया और आरती उतारी।

इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ के जयघोष से गूंज उठा। घंट-घड़ियाल की मंगल ध्वनि और सोहर गीतों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को गोद में लेकर पालने में विराजमान कराया।

मथुरा से गोरखपुर तक कृष्ण भक्ति में रमे रहे योगी आदित्यनाथ
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह से मध्य रात्रि तक भगवान श्रीकृष्ण की साधना में रमे रहे। सुबह उन्होंने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद शाम को लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में शामिल हुए और रात में गोरखपुर पहुंचे।

गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पुष्पार्चन कर आशीर्वाद लिया।
भजन संध्या में राधा-कृष्ण बने बच्चों को सीएम योगी ने दुलारा
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित भजन संध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर दुलारा और उन्हें खिलौने व चॉकलेट उपहार में दिए।
कुछ बच्चों ने मुख्यमंत्री को दोहे और श्लोक सुनाए, जबकि कई बच्चों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों की फरमाइशें पूरी करते हुए उनसे हंसी-ठिठोली की।
बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने मोहा मन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चे राधा और कृष्ण के आकर्षक स्वरूप में पहुंचे। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों से सभागार का माहौल गोकुल जैसा नजर आया।
कान्हा वर्ग में शर्विल पांडेय ने प्रथम, सौम्या प्रजापति ने द्वितीय और हिमांशी श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोपाल वर्ग में सार्थक प्रथम, राजवीर द्वितीय और रुद्र तृतीय रहे। विजेताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
भजनों से गूंजा गोरखनाथ मंदिर
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में डॉ. राकेश श्रीवास्तव के संयोजन में भजन संध्या आयोजित हुई। पुनीत श्रीवास्तव, हृदया त्रिपाठी, अनीता सिंह, लक्ष्मी गुप्ता, उमेश मिश्रा और एकता शुक्ला ने भजन, सोहर और बधाई गीत प्रस्तुत किए।
वहीं, गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में हनुमत संगीत आश्रम एवं सेवा संस्थान की ओर से रात आठ बजे से मध्य रात्रि तक भजन संध्या चली। अभिषेक पांडेय बिट्टू समेत अन्य कलाकारों ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
मध्य रात्रि भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य अनुष्ठान के बाद मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं को फलाहार और प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे और पूरा परिसर कृष्ण भक्ति में डूबा रहा।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह सहित साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
